
40 हजार पौधों से वीरता की विरासत संजोई जाएगी: “हरिकेश वन” की स्थापना- मुरैना में रेत माफिया के हमले में शहीद वन रक्षक को पन्ना में अभिनव श्रद्धांजलि
भोपाल। मुरैना में रेत माफिया के हमले में शहीद वन रक्षक हरकेश गुर्जर को दक्षिण पन्ना वन मंडल ने अभिनव श्रद्धांजलि दी। शहीद वन रक्षक की याद में “हरिकेश वन” बनाने की नींव रखी। प्रस्तावित वन में 40 हजार पौधों से वीरता की विरासत संजोई जाएगी।
_मुख्य वन संरक्षक नरेश सिंह यादव की उपस्थिति श्रद्धांजलि एवं नामकरण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

शहीद वन रक्षक के परिजनों को आर्थिक मदद करने की मंशा से दक्षिण पन्ना वन मंडल की ओर से 25 हजार की राशि एकत्रित की गई। दक्षिण पन्ना वनमंडल के रैपुरा वन परिक्षेत्र की भगनरवा बीट में शहीद वनरक्षक स्वर्गीय हरिकेश गुर्जर की स्मृति में एक पौधरोपण स्थल का नामकरण “हरिकेश वन” किया गया। इस अवसर उपस्थित अधिकारियों, वनकर्मियों तथा ग्राम वन समिति सुर्रा के सदस्यों ने स्वर्गीय हरिकेश गुर्जर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान स्मृति पट्ट का अनावरण भी किया गया। ग्राम स्तरीय सहभागिता के साथ यह सादगीपूर्ण किंतु अत्यंत भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नरेश सिंह यादव, मुख्य वन संरक्षक, छतरपुर वन वृत्त रहे। समारोह में शहीद वनरक्षक के योगदान को स्मरण करते हुए यह संकल्प व्यक्त किया गया कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी।
शहीद हरिकेश गुर्जर कई वर्षों तक पन्ना टाइगर रिजर्व में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2025 में स्वयं के अनुरोध पर मुरैना स्थानांतरित हुए थे। उनका यह सर्वोच्च बलिदान वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
*40,000 पौधों का रोपण होगा*
भगनरवा स्थित इस 40 हेक्टेयर क्षेत्र में वर्ष 2025-26 में क्षेत्र तैयारी का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा आगामी मानसून 2026 में यहां 40,000 पौधों का रोपण किया जाएगा। “हरिकेश वन” केवल एक पौधरोपण स्थल नहीं, बल्कि कर्तव्य, साहस और बलिदान की जीवंत स्मृति के रूप में विकसित किया जा रहा है।





