

6 Houses Collapsed due to Digging : मथुरा में खुदाई के दौरान 6 मकान ढहे, 3 की मौत, 12 से ज्यादा दबने से घायल!
Mathura : आज दोपहर करीब 12 बजे यहां एक साथ 6 मकान थाना गोविंद नगर इलाके के माया टीला शाहगंज के पास खुदाई के दौरान गिर गए। मलबे के नीचे दबने से 3 लोगों की मौत हो गई। 12 से ज्यादा लोग मलबे में दबने से घायल हो गए। अचानक मकानों के गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां बाड़े में (खुली भूमि) में नसीबी से खुदाई चल रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ। यहां कच्ची सड़क पर बने 6 मकान अचानक भरभराकर गिर गए। हादसे का वीडियो भी सामने आया, जिसमें देखा जा सकता है कि कई मकान गिर गए।
यह मकान कच्चे टीले पर बने थे। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे ये हादसा हुआ। अभी तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। कुछ लोग मलबे मे दबे थे, उन्हें बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस, नगर निगम, प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मृतकों की पहचान तोताराम (38), दो सगी बहनें यशोदा (6) और काव्या (3) के तौर पर हुई।
6 मकान जो ढहे हैं, वो मिट्टी के टीले पर बने हुए थे। लोगों ने बताया कि यहां बाड़े (खुली भूमि) में जेसीबी से खुदाई चल रही थी, तभी अचानक मिट्टी धसी और एक के बाद एक सभी मकान मलबे में तब्दील हो गए। लोगों ने बताया कि जब हादसा हुआ तो ऐसा लगा कि भूकंप आ गया हो। लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला।