भोपाल में हवाला में पकड़े गए थे 61 लाख रुपए, प्रकरण पहुंचा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के पास

42

भोपाल में हवाला में पकड़े गए थे 61 लाख रुपए, प्रकरण पहुंचा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के पास

भोपाल। शहर के एमपी नगर थाना इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी देर रात हवाला के 61 लाख रुपए मिलने के मामले में पुलिस ने पूछताछ के बाद यह मामला अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सुपुर्द कर दिया है। नगद 61 लाख रुपए के साथ पकड़े गए लोगों ने इस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया। इससे अब तक यह सामने नहीं आ पाया है कि यह राशि किसकी है और कहां से लाई गई है।

पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले चेकिंग के दौरान यह रकम बरामद की है। एमपी नगर में एक कैफे में तोड़फोड़ और मारपीट के बाद जब पुलिस जांच करने पहुंची, तो मुखबिरों ने बताया कि मीरा कॉम्पलेक्स में कुछ लोग छुपे हैं। जब फ्लैट के गेट खोलने की बात कही गई, तो अंदर लोगों ने गेट नहीं खोले। पुलिस की सख्ती के बाद गेट खुले, तो वहां लाखों रुपए का नगद बरामद हुए थे। इसके बाद इस मामले में तीन लोगों से लगातार पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कुछ नहीं बताया। अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट इस संबंध में आगे की कार्रवाई करेगा।