Election Declared : त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में चुनाव की तारीखें घोषित! 

जानिए किस तारीख को कौनसे राज्य में वोट पड़ेंगे, कब आएगा नतीजा! 

490

Election Declared : त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में चुनाव की तारीखें घोषित! 

New Delhi : चुनाव आयोग ने त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी। त्रिपुरा में 16 फरवरी को, मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को मतदान होगा। सभी राज्यों के नतीजों का ऐलान 2 मार्च को होगा। इन तीनों राज्यों में 60-60 सीटें हैं और 31 सीटें पाने वाली पार्टी यहां सरकार बनाएगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि तीनों राज्यों में महिला वोटरों की भागीदारी ज्यादा है और यहां चुनावी हिंसा भी ज्यादा नहीं होती। हम यहां पर निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रतिबद्ध हैं। त्रिपुरा में 21 जनवरी से 30 जनवरी तक और मेघालय-नगालैंड में 31 जनवरी से 7 फरवरी तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। नाम वापसी की आखिरी तारीख त्रिपुरा में 2 फरवरी और मेघालय-नगालैंड 10 फरवरी होगी।

 

इन राज्यों के चुनाव में क्या होगा 

तीनों राज्यों में 9 हजार 125 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। ग्रामीण इलाकों की बात करें तो 2018 के मुकाबले 82% ज्यादा पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। तीनों राज्यों में 376 पोलिंग स्टेशन महिला स्टाफ संभालेंगे। तीनों राज्यों में 62.8 लाख वोटर्स हैं। इनमें 31.47 लाख महिला वोटर्स और 80 साल से ज्यादा की उम्र वाले 97 हजार वोटर्स हैं। 1.76 लाख फर्स्ट टाइम वोटर्स हैं।

अंतिम गांव में भी मतदान केंद्र

नगालैंड के मोन जिले का लोंगवा गांव भारत-म्यांमार की सीमा रेखा पर बसा अंतिम गांव है। गांव का एक हिस्सा भारत में है और दूसरा म्यांमार में है। गांव के लोगों को दोहरी नागरिकता हासिल है। स्थानीय लोग बिना किसी वीजा-पासपोर्ट या कागजात के बेरोकटोक सीमा पार आवाजाही कर सकते हैं। यहां कोन्याक नागा जनजाति के करीब पांच सौ परिवार रहते हैं। यहां भी मतदान केंद्र बनाया जाएगा।

9 राज्यों में चुनाव की शुरुआत नॉर्थ-ईस्ट से

इस साल पूर्वोत्तर के राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के अलावा 9 राज्यों में चुनाव होंगे। नॉर्थ-ईस्ट के बाद अप्रैल या मई में कर्नाटक में भी विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है। 40 सदस्यों वाली मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल भी इसी साल 17 दिसंबर को खत्म हो रहा है। जबकि, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में भी इसी साल विधानसभाओं का कार्यकाल खत्म होगा।