Caught Betting : मुंबई का सट्टा चलाते 10 को पकड़ा, 22 मोबाइल भी जब्त!

सट्टे की जब्त पर्चियों में लाखों का हिसाब होने की आशंका!

844

Caught Betting : मुंबई का सट्टा चलाते 10 को पकड़ा, 22 मोबाइल भी जब्त!

Indore : क्राइम ब्रांच और गांधीनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए गांधी नगर थाना क्षेत्र के एक मकान पर दबिश दी। पुलिस ने यहां से मुंबई सट्टा संचालित करने वाले दस आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने 22 मोबाइल फोन, 19 हजार सट्टे की पर्चियों के 192 बंडल व अन्य डिवाइस जब्त किए।

WhatsApp Image 2023 07 02 at 11.12.45 AM 1

क्राईम ब्रांच को लंबे समय से सूचना मिल रही थी, कि मुंबई से संचालित होने वाले सट्टा कल्याण, मधुर व अन्य बड़े पैमाने पर गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक मकान से संचालित किया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने अपने तंत्र से इसकी पुष्टि की और उस मकान पर निगरानी रखी गई। देखा गया कि कई लोग इस घर में आते हैं और कुछ देर बाद चले जाते हैं। इस पर पुलिस ने उस इलाके के मोबाइल नंबर की डिटेल निकाली तो पता चला वहां से कई फोन से मुंबई के नंबरों पर कई बार बात हुई। जिस पर क्राइम ब्रांच और गांधी नगर थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए उस मकान पर दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये लोग मुंबई का सट्टा इंदौर से संचालित कर रहे थे। इनके तीन साथी फरार है।

सट्टे की 19 हजार पर्चियां हाथ लगी
पुलिस ने मौके से 22 मोबाइल फोन, सट्टे की पर्चियों के 192 बंडल में लिखी हुई पर्चियां और सट्टा लगाने वालों के मोबाइल नंबर लिखी पर्चियां जब्त की। इस पूरे मामले में के मुख्य आरोपी मनोज तेली, कमलेश राठौर और मोहन राठी हैं जो मकान किराये पर देकर सट्टा संचालित करवा रहे थे। तीनो आरोपी फरार है। आरोपियों ने सट्टा संचालित करने के लिए इंदौर जिले के बाहर उज्जैन, धार, राजस्थान और बिहार से लोगों को बुला रखा था। पुलिस अब तीनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से बड़े सटोरियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जिन्हें दबिश में पकड़ा गया
गांधी नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बालाजी धाम के एक मकान में बड़े पैमाने पर सट्टे का संचालन होने की सूचना मिली थी। गांधी नगर थाना प्रभारी रमेश भास्कर ने क्राइम ब्रांच के साथ साझा कार्रवाई करते हुए इस मकान पर दबिश दी तो वहां मकान मालिक मोहन राठी के साथ विशाल राठौर निवासी तराना, देवी सिंह निवासी कृष्णबाग, राजेश मंडोरी निवासी तराना, शाहिद निवासी देवास, कन्हैयालाल निवासी राजस्थान, बेनी प्रसाद निवासी दुबे का बगीचा, दिलीप तंवर निवासी धामनोद, विकास परमार निवासी धार, जितेंद्र सेन निवासी राजस्थान, रमेश निवासी बिहार हाल मुकाम बालाजी धाम बड़े पैमाने पर सट्टे का कारोबार कर रहे थे।