60 हजार विद्यार्थियों को देना होगी NEP से UG की परीक्षाएं, बदलेगा BU

32

60 हजार विद्यार्थियों को देना होगी NEP से UG की परीक्षाएं, बदलेगा BU

तीन माह विलंब से शुरु होंगी प्रथम वर्ष परीक्षाएं

भोपाल : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अधिनिमय 14 (1) के संशोधन के तहत सिलेबस में परिवर्तन कर दिया है। इसके तहत भोपाल, विदिशा, राजगढ, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर और रायसेन के कालेजों के प्रथम वर्ष में प्रवेशरत करीब 60 हजार विद्यार्थियों को एनईपी के तहत परीक्षाएं देना होगी। इसके तहत परीक्षा स्कीम में बदलाव किए गए हैं। यह परीक्षाएं 16 जून से शुरु हो जाएंगी। इसके लिए बीयू की कार्यपरिषद ने स्वीकृति दे दी है। टाइम टेबिल को वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

मार्च में होना थी परीक्षाएं
बीयू को उक्त परीक्षाएं मार्च में आयोजित कराना लेना थी, जो बीयू अभी तक नहीं करा पाया है। स्कीम नहीं बनने के कारण बीयू परीक्षा फार्म तक नहीं खोल पाया था। हालांकि गत माह सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा फार्म जमा करा लिए हैं। परीक्षाओं के लिए सिर्फ कार्यपरिषद की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा था, जो जारी कर दी गई है। परीक्षाओं में तीन माह का विलंब होने के कारण विद्यार्थियों को द्वितीय वर्ष स्थानांतरण तक नहीं हो सका है। इससे उनकी द्वितीय वर्ष की पढाई भी प्रभावित होगी।

बदलेगा बीयू
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम 38 साल बाद बदला जा रहा है। 1988 में भोपाल विश्वविद्यालय से बदलकर बरकतउल्ला कर दिया था। इससे बदलकर अब वाग्देवी भोजपाल विश्वविद्यालय किया जा रहा है। शासन की मंजूरी के बाद राजपत्र में प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद नाम परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होगी।

तीन दर्जन बीएड कालेजों को राहत
बैठक में बीएड कॉलेजों की संबद्धता की समीक्षा भी की। विश्वविद्यालय प्रशासन अभी तक संबद्धता की प्रक्रिया ही पूरी नहीं कर सका है। निरीक्षण दलों न कॉलेजों के साथ ही विश्वविद्यालय की भी कमियों को उजागर किया है। निरीक्षण में तीन दर्जन बीएड कॉलेज ऐसे पाए गए जो मूलभूत सुविधाओं और निर्धारित आवश्यक मानकों को पूरा नहीं कर रहे हैं। उक्त कालेजों को नोटिस जारी कर तय समय सीमा के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। उक्त समय सीमा में वे खामियों को दूर नहीं करते हैं, तो उनकी संबद्धता खत्म कर दी जाएगी।