आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा,गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

313

आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा,गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

भोपाल। क्राइम ब्रांच ने पिछले 10 दिन में अपात्रों के फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें थर्ड पार्टी एजेंसी विडाल का डिस्ट्रिक्ट को-आॅर्डिनेटर अनुराग श्रीवास्तव भी शामिल है। वह नौकरी छोड़ने के बाद भी लॉगिन आईडी का इस्तेमाल करता रहा और 6000 से ज्यादा अपात्रों के कार्ड बना डाले। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खाते फ्रीज कराए हैं, जिसमें 15 लाख रुपए जमा हैं। पुलिस को अन्य सरगनाओं की तलाश है। पहले भी क्राइम ब्रांच कार्ड बनाने वाले सरगना समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

28 फरवरी को दर्ज हुआ था केस :
एडिशनल डीसीपी क्राइम शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 28 फरवरी को महाप्रबंधक (विधि) आयुष्मान भारत निरामय डॉ. आदर्श महेश शुक्ला की शिकायत पर विडाल कंपनी के पूर्व डिस्ट्रिक्ट कोआॅर्डिनेटर अनुराग श्रीवास्तव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच ने 1 मार्च को मुख्य आरोपी नमो नगर कॉलोनी, ग्वालियर बाइपास शिवपुरी निवासी अनुराग श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया था।

ऐसे बनाए गए फर्जी कार्ड
फर्जी कार्ड अशोक नगर में विडाल कंपनी में डिस्ट्रिक्ट को-आॅर्डिनेटर रहे अनुराग श्रीवास्तव की एसएचए की लॉगिन आईडी का उपयोग कर बने हैं। उसे फरवरी 2022 में एसएचए की लॉगिन आईडी दी गई थी। 22 मई 2022 को विडाल का टेंडर समाप्त होने पर अनुराग को हटा दिया गया था। नौकरी से हटाए जाने के बाद भी वह एसएचए की आईडी से रिजेक्ट फॉर्म अप्रूव कर रहा था।