RSS pracharaks changed: विवादास्पद प्रमोद झा की घर वापसी, सुरेंद्र मणि भोपाल के प्रचारक होंगे!

कई संघ प्रचारकों के कार्य क्षेत्र और दायित्व में बदलाव किया!

1529

RSS pracharaks changed: विवादास्पद प्रमोद झा की घर वापसी, सुरेंद्र मणि भोपाल के प्रचारक होंगे!

Bhopal : आरएसएस ने अपने प्रचारकों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। भोपाल में लंबे समय से विभाग प्रचारक का जिम्मा संभाल रहे श्रवण सैनी को मध्य भारत प्रांत से बाहर भेजा गया। वे अब महाकौशल प्रांत के सतना में विभाग प्रचारक होंगे। उनकी जगह महाकौशल से सुरेंद्र मणि को भोपाल का विभाग प्रचारक बनाया गया है। मध्यभारत प्रांत में वानप्रस्थी कार्य का दायित्व संभाल रहे ओमप्रकाश सिसोदिया अब क्षेत्र में सह सेवा प्रमुख बनाए गए हैं।

आरएसएस ने प्रचारक प्रमोद झा को कार्यमुक्त करके वापस घर भेज दिया। संघ की परंपरा से अलग चल रहे प्रमोद झा को पिछले साल संस्कार भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री के दायित्व से भी अलग कर दिया गया था। हाल में नर्मदापुरम में हुई संघ की बैठक में प्रमोद झा से भी प्रचारक पद की जिम्मेदारी से भी ले ली गई। उन पर कई गंभीर आरोप लगते रहे हैं।

हमेशा विवादों में रहे प्रमोद झा

वरिष्ठ प्रचारकों और कार्यकर्ताओं से प्रमोद झा की पटरी नहीं बैठी। वे इंदौर में प्रचारक रहने के दौरान से ही विवादों में रहे। तत्कालीन प्रांत प्रचारक पराग अभयंकर, श्रीकांत या वर्तमान में बलिराम पटेल सभी से झा के संबंध खराब रहे।‌ पिछले वर्षों में भाजपा में भेजे गए और फिर विवादों के कारण मुक्त किए गए अतुल राय से झा के संबंधों के कारण उनका राजनैतिक हस्तक्षेप भी बना रहा।

भाजपा में जाने की चर्चा हुई

प्रमोद झा की भाजपा में जाने की खबरें भी चलीं। पूर्व में इंदौर भाजपा कार्यालय पर हल्लाबोल में उनकी भूमिका पाई गई थी। वे संघ में रहते हुए कथित तौर पर अलग संगठन चलाने के कारण चर्चा में रहे। लगातार विवादों में रहने के कारण और जांच में दोषी पाए जाने पर संघ ने एक्शन लिया है। भोजपुर जिला प्रचारक पहलवान सिंह रघुवंशी को भी संघ ने कार्य मुक्त कर दिया।

कई और प्रचारक भी बदले

इसके अलावा भी संघ ने कई प्रचारकों को बदला है। कुछ को नई और बड़ी जिम्मेदारी भी दी गई है। मंडला विभाग प्रचारक अमित को विद्या भारती (महाकौशल) में भेजा गया है। सतना के संजय को छत्तीसगढ़ भेजा है। रीवा विभाग का प्रचारक हरिनारायण को बनाया है। छिंदवाड़ा विभाग प्रचारक लखन को बनाया गया। मंडला विभाग प्रचारक पंकज पांडे, नर्मदापुरम सह विभाग प्रचारक नरेंद्र यादव बनाए गए हैं। सागर के विभाग प्रचारक राजेश शर्मा को सेवा प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है।