भाजपा के पूर्व सांसद सहित प्रदेश भाजपा के कई सदस्य आज थामेंगे कांग्रेस का दामन

786

भाजपा के पूर्व सांसद सहित प्रदेश भाजपा के कई सदस्य आज थामेंगे कांग्रेस का दामन

भोपाल: भाजपा के पूर्व सांसद बोध सिंह भगत के कांग्रेस में आने की चर्चाओं के बीच कटंगी के विधायक टामलाल सहारे ने कहा है कि वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं, लेकिन अपने बेटे जितेंद्र के लिए वे टिकट मांग रहे हैं। इधर बोध सिंह भगत बुधवार को प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में पीसीसी चीफ कमलनाथ के सामने कांग्रेस की सदस्यता लेने जा रहे हैं। भगत के अलावा बुधवार को विदिशा जिले के सिरोंज, गुना जिले के आरोन सहित कई जगहों के भाजपा नेता कांग्रेस का हाथ थामने वाले हैं।

बोध सिंह भगत कटंगी से विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं, लेकिन उन्हें पता चला कि भाजपा उन्हें यहां से टिकट देने के मूड में नहीं हैं। लिहाजा उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामने का फैसला ले लिया है। वे बुधवार को सुबह कांग्रेस की सदस्यता लेंगे। इधर कटंगी सीट पर कांग्रेस के विधायक हैं। विधायक टामलाल सहारो ने कहा कि 77 साल के हो गए हैं, अब वे चुनाव लड़ना नहीं चाहते हैं। पार्टी के नेताओं को यह बोल दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के नेताओं को उनके बेटे जितेंद्र को टिकट दिए जाने की बात की है, यदि दे देंगे तो ठीक हैं, नहीं तो पार्टी जिसे उम्मीदवार बनाएगी उसके लिए काम करेंगे।

इधर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रभात जोशी भी बुधवार को कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को भेज दिया है। जोशी विदिशा जिले के सिरोंज विधानसभा से आते हैं, वे गुना जिले में भी सक्रिय हैं। जोशी का दावा है कि उनके साथ विदिशा और गुना जिले के कई लोग कांग्रेस की सदस्यता

लेंगे।