
भोपाल के भाजपा नेताओं को प्रशिक्षण देंगे शिवप्रकाश, जामवाल, 2 दिनी प्रशिक्षण आज से, सीएम मोहन यादव भी होंगे शामिल
भोपाल: भाजपा के सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, श्रेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भोपाल के सवा दो सौ के करीब भाजपा नेताओं को प्रशिक्षण देने जा रहे हैं। बैरागढ़ क्षेत्र के समीप स्थित एक निजी रिसोर्ट में शनिवार से पार्टी का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होने जा रहा है।
संगठन की दृष्टि से बेहद अहम माने जा रहे इस प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित रहेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में कुल 12 अलग-अलग सत्रों में विभिन्न सांगठनिक और वैचारिक विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सुबह करीब 11 बजे प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचेंगे। इससे पहले प्रशिक्षण लेने वालों के रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। जो पूरी तरह से डिजिटल होंगे। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। प्रशिक्षण में वक्ता के रूप में शिवप्रकाश और अजय जामवाल शामिल रहेंगे। वे अलग-अलग विषयों पर अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण देंगे।
प्रशिक्षण वर्ग की सबसे खास बात इसमें लागू किया गया कठोर अनुशासन है। आयोजन की गंभीरता और एकाग्रता को बनाए रखने के लिए सभी 226 प्रतिभागियों को अपने मोबाइल फोन बाहर ही जमा करने होंगे। साथ ही, सभी नेताओं और पदाधिकारियों के लिए रात्रि विश्राम आयोजन स्थल पर ही करना अनिवार्य किया गया है, ताकि सत्रों के बीच निरंतरता बनी रहे और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिले।





