महाकाल के दरबार में दिग्विजय सिंह,कहा-भाजपा MP में भी गुजरात वाला प्रयोग कर सकती है,CM से लेकर मंत्रियों के टिकट कट सकते हैं

450

महाकाल के दरबार में दिग्विजय सिंह,कहा-भाजपा MP में भी गुजरात वाला प्रयोग कर सकती है,CM से लेकर मंत्रियों के टिकट कट सकते हैं

 

उज्जैन से मुकेश भीष्म की रिपोर्ट

 

उज्जैन: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार को बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे, जहां उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान वे हाथ जोड़कर बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए।

बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोलते हुए कहा कि जो बिकने वाले थे बिक गए अब कांग्रेस में बिकने वाला कोई नहीं है। सिंधिया कहीं से भी चुनाव लड़ें पार्टी को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि भाजपा मध्यप्रदेश में भी गुजरात वाला प्रयोग कर सकती है। यहां मुख्यमंत्री से लेकर तमाम मंत्रियों के टिकट कट सकते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी और अमित शाह घबराए हुए हैं।जनता मन बना चुकी है। कांग्रेस के पक्ष में लहर है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में 20 वर्षों से भाजपा की सरकार है इस दौरान सिर्फ 15 महीने कांग्रेस की सरकार रही। इस दौरान भाजपा ने किसी वर्ग के लिए कुछ नहीं किया। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति की जमीन छीन ली गई उन पर अत्याचार किया गया और उनकी जमीनों पर अधिकार समाप्त कर दिया गया।

भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि आज कौन सा वर्ग भाजपा को आशीर्वाद दे, जब लोगों को परेशान कर रहे हो, उनका हक छीन रहे हो। भाजपा को लोगों का काम करना चाहिए या उन्हें दर्द देना चाहिए। इसीलिए भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा फ्लॉप हो गई। आज लोगों में गुस्सा है और वह अब भाजपा को दंड देने के लिए बैठे हुए हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब भाजपा को काली कमाई का गुरूर है कि हम सभी को खरीद लेंगे लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि जो बिकने वाले थे वे बिक गए, अब कोई बिकने वाला नहीं है।

उज्जैन में नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में दिग्विजय सिंह ने कहा कि ऐसी वीभत्स घटना मे सख्ती से कार्रवाई होना चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलना चाहिए।

दिग्विजय सिंह उज्जैन जिले के घटि्टया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में शामिल होने आए थे।