Bishan Singh Bedi: स्पिन गेंदबाजी के महारथी पूर्व क्रिकेटर बिशनसिंह बेदी का निधन!

77 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, गृहमंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त किया!

524

Bishan Singh Bedi: स्पिन गेंदबाजी के महारथी पूर्व क्रिकेटर बिशनसिंह बेदी का निधन!

 

New Delhi : भारत क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बाएं हाथ के देश के महान स्पिनर बिशनसिंह बेदी का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। वे 77 साल के थे। बेदी ने भारत के लिए 1966 से 1979 तक टेस्ट क्रिकेट खेला। उन्होंने 22 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी भी की। बिशनसिंह बेदी ने 67 टेस्ट मैचों में 266 विकेट लिए थे। बेदी ने भारत के लिए 10 वनडे मैच भी खेले, जिसमें 7 विकेट लिए। बिशन सिंह बेदी के निधन पर गृहमंत्री अमित शाह ने भी शोक प्रकट किया है।

बिशन सिंह बेदी का जन्म 25 सितम्बर 1946 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था। वे भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज लेफ्ट आर्म स्पिनर हुआ करते थे। वे देश के लिए 12 साल तक टेस्ट क्रिकेट खेले। फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर में उन्होंने 1560 विकेट हासिल किए थे।

बिशन सिंह बेदी भारतीय क्रिकेट इतिहास के श्रेष्ठ स्पिनर्स में रहे। उन्होंने अपनी गेंदबाजी के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम को कई मैच जिताए हैं। 70 के दशक में बिशन सिंह बेदी, इरापल्ली प्रसन्ना, भागवत चंद्रशेखर और श्रीनिवास वेंकटराघवन की मशहूर स्पिन चौकड़ी हुआ करती थी। बेदी ने पारी में 14 बार 5 विकेट और मैच में एक बार 10 विकेट चटकाने का कारनामा किया है।

 

1976 में कप्तान बनाया गया

बिशन सिंह बेदी को 1976 में भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया। वे मंसूर अली खान पटौदी के बाद कप्तान बने थे। भारत ने बेदी की कप्तानी में पहली बार वेस्टइंडीज के विरूद्ध 1976 में पोर्ट-ऑफ-स्पेन में टेस्ट मैच जीता था। इसके बाद भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भी 2-0 से टेस्ट सीरीज जीती, लेकिन एक समय ऐसा भी आया जब बिशन सिंह बेदी से कप्तानी छीनकर सुनील गावस्कर को दे दी गई।

बिशन सिंह बेदी 1966 और 1978 के बीच एक दशक से अधिक समय तक भारत की बॉलिंग यूनिट का प्रमुख हिस्सा रहे। बेदी 1990 में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड दौरे के दौरान कुछ समय के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर थे। बिशन सिंह बेदी राष्ट्रीय चयनकर्ता होने के साथ मनिंदर सिंह और मुरली कार्तिक जैसे कई प्रतिभाशाली स्पिनरों के गुरु भी थे।