Usha Thakur’s Protest : उषा ठाकुर का टिकट बदलने की भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग!

दशहरा मिलन समारोह के बहाने में उषा ठाकुर को निशाने पर लिया!

356

Usha Thakur’s Protest : उषा ठाकुर का टिकट बदलने की भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग!

Mhow (Indore) : यहां भाजपा उम्मीदवार उषा ठाकुर का विरोध जोर पकड़ता जा रहा है। दशहरा मिलन समारोह के दौरान भी जमा हुई भीड़ में उषा ठाकुर विरोध देखने में आया। महू के गौशाला परिसर में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उनके विरोध में इकट्ठा हुए। इसका नेतृत्व किया भाजपा नेता राधेश्याम यादव, अशोक सोमानी, रामकरण भामर और शेखर बुंदेला ने।

महू विधानसभा में इस बार रोचक परिस्थितियां बन रही हैं। कांग्रेस में भी टिकट को लेकर असंतोष झलक रहा है। पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार ने 27 अक्टूबर को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने का एलान करके कांग्रेस खेमे की नींद उड़ा दी। यहां से कांग्रेस ने भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए रामकिशोर शुक्ल को टिकट दिया है।

वहीं भाजपा में भी कोहराम मचा है। उषा ठाकुर को दोबारा टिकट दिए जाने के खिलाफ सैकड़ों कार्यकर्ता गौशाला परिसर में इकट्ठा हुए। मंच से नेताओं ने उषा ठाकुर के कार्यकाल को पूरी तरह बोगस बताते हुए भाजपा हाईकमान से तत्काल टिकट बदलने की मांग करते हुए स्थानीय प्रत्याशी को टिकट देने की मांग उठाई। इस सभा को संबोधित किया राधेश्याम यादव, अशोक सोमानी, शेखर बुंदेला, रामकरण भामर और कुछ आदिवासी सरपंचों ने।

यादव ने कहा की जिस उषा ठाकुर ने मुझ जैसे नेता को महू की समस्याओं और पार्टी हित में बात करने का समय बीते पांच साल में नहीं दिया, उसके लिए मेरे पास कैसे समय हो सकता है! अन्य नेताओं ने भी जमकर भड़ास निकाली। पूरे समय उषा ठाकुर के कार्यकाल में कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ किए गए भेदभाव, प्रताड़ना आदि का जिक्र किया गया। बीच में भी लोगों ने टिप्पणी करके ठाकुर के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

WhatsApp Image 2023 10 27 at 16.55.33

महू में भाजपा के खिलाफ ये पहला अवसर है, जब विरोध का बिगुल जोरदार तरीके से बजा। नेताओं ने भाषणों की आड़ में 30 अक्टूबर से पहले टिकट बदलने का अल्टीमेटम भी दे डाला। कार्यक्रम में कई भाजपा के नेता, कई कार्यकर्ता, मुस्लिम कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता इकट्ठा हुए।

पहले से स्थानीय उम्मीदवार की मांग

महू में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उम्मीदवारी तय होने से पहले ही उषा ठाकुर के विरुद्ध पोस्टर लगाकर स्थानीय प्रत्याशी की मांग की थी। महू में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और होर्डिंग लगाकर मंत्री उषा ठाकुर के टिकट का विरोध करना शुरू किया था। महू शहर में ‘अबकी बार स्थानीय उम्मीदवार’ के होर्डिंग लगाए थे। होर्डिंग के नीचे किसी व्यक्ति या नेता के नाम के जगह ‘बीजेपी परिवार महू’ विधानसभा लिखा हुआ था।