Leopard Fell in Well : महू के नजदीक कुएं में तेंदुआ गिरा, निकालने के प्रयास!

वन विभाग ने इंदौर रालामंडल की रेस्क्यू टीम और डॉक्टर को बुलाया!

1059

Leopard Fell in Well : महू के नजदीक कुएं में तेंदुआ गिरा, निकालने के प्रयास!

Indore : महू के नजदीक मानपुर के खुर्दा में मंगलवार सुबह एक तेंदुआ बिना मुंडेर वाले कुएं में गिर गया। वह कुंए में तैरता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ तेंदुए को देखने पहुंच गई। ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी वन विभाग को दी। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को कुएं से बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। बताया गया कि कुएं में गिरने से पहले रात में तेंदुए ने एक भैंस का शिकार किया था।

देखिए वीडियो-

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ कई बार कुएं में से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा है, लेकिन वह असफल हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कुंए के पास मुंडेर नहीं होने से तेंदुआ कुएं में जा गिरा। कुएं में तेंदुए के गिरने सूचना मिलते ही महू वन विभाग के एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर इंदौर रालामंडल की रेस्क्यू टीम को सूचित किया। इसके बाद इंदौर से वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को कुएं से सुरक्षित निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी।

एसडीओ ने बताया कि जिसे कुएं में तेंदुए गिरा है वह बहुत गहरा है। तेंदुए की उम्र लगभग 2 साल नजर आ रही है। राहत की बात है कि तेंदुआ जिंदा है। उसे गिरने से कहीं चोट लगी है या नहीं, यह उसके बाहर निकाले जाने के बाद पता चलेगा। उसके इलाज के लिए वेटरनरी डॉक्टर की टीम को भी मौके पर बुलवा लिया गया है।