Collector Consoled Farmer : ओलावृष्टि से फसल बर्बाद, किसान फफक पड़ा तो कलेक्टर ने सीने से लगाकर भरोसा दिलाया!

कलेक्टर की संवेदनशीलता देखकर लोग भी द्रवित हुए!

336

Collector Consoled Farmer : ओलावृष्टि से फसल बर्बाद, किसान फफक पड़ा तो कलेक्टर ने सीने से लगाकर भरोसा दिलाया!

Katni : प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले सप्ताह बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस वजह से कई किसानों की फसल तबाह हो गई। कटनी जिले में भी कई गांव के किसान इससे प्रभावित हुए। जब कलेक्टर अवि प्रसाद नुकसानी का जायजा लेने पहुंचे तो एक किसान फफक कर रो पड़ा। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक किसान खेत में कलेक्टर से लिपटकर रो रहा है। कलेक्टर ने भी किसान को सीने से लगाकर पूरी मदद का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर ने खेत में ही किसान को ढांढस बंधाया और सीने से लगाकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ गई टीम ने वीडियो भी बनाया जो वायरल हुआ। जब कटनी कलेक्टर प्रभावित गांवों में पहुंचे तो उनके साथ जिले के अधिकारियों की टीम भी थी। कलेक्टर बहोरीबंद क्षेत्र के पाली, मवई और कुमारी गांवों के खेतों का जायजा लेने के बाद जुझारी गांवों के खेतों में पहुंचे।

जुझारी गांव में कलेक्टर के सामने अपनी बर्बाद फसल की जानकारी देते हुए किसान मथुरा यादव खुद को संभाल नहीं सके और कलेक्टर के सामने ही फफक कर रोने लगे। इस पर कलेक्टर अवि प्रसाद भी द्रवित हो गए और उन्होंने किसान मथुरा यादव को ढांढस बंधाया। उन्होंने किसान को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन आपके साथ है, पूरी मदद की जाएगी, हौसला रखें। साथ ही किसान को सीने से लगा लिया।

कंधे पर हाथ रखकर उन्हें हौसला भी दिया। कलेक्टर ने अन्य किसानों से भी कहा है कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन आपके साथ है। कटनी कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करते हैं, खून-पसीना बहाते हैं, तब बड़ी मुश्किल से फसल तैयार होती है। ओला-वृष्टि से किसानों की उम्मीदें धूमिल होती हैं। लेकिन, किसान भाई चिंता नहीं करें, उनकी फसल की क्षति का आंकलन कर प्रभावितों को राहत राशि प्रदान की जा‌एगी। इस घटना के बाद कलेक्टर की संवेदनशीलता की चर्चा है।