दुराचारी के मकान पर फिर चला बुलडोजर,नाबालिग से किया था दुष्कर्म

2797

दुराचारी के मकान पर फिर चला बुलडोजर,नाबालिग से किया था दुष्कर्म

*संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की रपट*

*देखें वीडियो*

पिपरिया। नर्मदापुरम जिले की तहसील पिपरिया बनखेड़ी अंतर्गत आने वाले ग्राम बचावानी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां मानसिक रुप से विक्षिप्त एक नाबालिग बच्ची दरिंदगी का शिकार बन गई। मामला बनखेड़ी थाना पुलिस क्षेत्र का है। मंगलवार शाम ग्राम बचावानी में रहने वाला बड्डू सपेरा एक नाबालिग को उठा ले गया और दुष्कर्म कर फरार हो गया। घटना में नाबालिग बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टर अनिता साहू के अनुसार, घटना के बाद बच्ची बेहोश है। आरोपी ने दरिंदगी की सारे हदे पार कर दुष्कर्म किया है। बच्ची की हालत को देख जिला अस्पताल रैफर किया गया है। पिपरिया एसडीओपी कल्याणी बरकडे ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त है। आरोपी को तलाशकर गिरफ्तार किया गया है। दोषी को कतई बख्शा नहीं जायेगा।

 

IMG 20240214 WA0094

*आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर*

नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद परिजनों और मोहल्ला वासियों में आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने चक्का जाम करके बुलडोजर की कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्रशासन ने आरोपी के अवैध मकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया।

एसडीएम पिपरिया संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि बनखेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत 13 फरवरी को नाबालिक किशोरी के साथ हुए दुष्कृत्य के संबंध में आरोपी मदननाथ उर्फ़ बड्डूनाथ सपेरा निवासी बाचावानी के खिलाफ पुलिस विभाग थाना बनखेड़ी में एफ.आई.आर. दर्ज की जाकर धारा 376 एवं पास्को एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की गई है एवं उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आज आरोपी को न्यायालय नायब तहसीलदार बनखेड़ी के राजस्व प्रकरण क्रमांक 0001/अ-68/2023-24 के पालन में आरोपी द्वारा अवैध रूप से निर्मित शासकीय भूमि पर बने हुए मकान को राजस्व एवं पुलिस बल तथा आम ग्रामवासियों की उपस्थिति में जे.सी.बी. के द्वारा तोड़ा गया है।