
इंदौर में पूर्वांचल समाज के साथ आत्मीय संवाद में शामिल हुईं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, इंदौर से दरभंगा, भागलपुर और रांची तक नई ट्रेनें चलाने की मांग, ज्ञापन सौंपा
इंदौर। भारत सरकार की केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा कोडरमा सांसद श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने इंदौर प्रवास के दौरान बिहार एवं पूर्वांचल समाज के लोगों के साथ आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सुना। इस अवसर पर पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान, मध्य प्रदेश के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने इंदौर से बिहार एवं झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुखता से उठाई।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को एक ज्ञापन सौंपकर इंदौर से दरभंगा, भागलपुर एवं रांची के लिए नई ट्रेनों के संचालन तथा पूर्वांचल के यात्रियों से जुड़ी रेल यातायात संबंधी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
समाजजनों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में हुए व्यापक विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह ने की। संस्थान के महासचिव के.के. झा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग लंबे समय से पूर्वांचल समाज की प्रमुख आवश्यकता रही है, जिसे केंद्रीय मंत्री के समक्ष गंभीरता से रखा गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रमेश मेंदोला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, भाजपा महामंत्री सुधीर कोले, शंभूनाथ सिंह, आमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में बिहार एवं पूर्वांचल समाज के वरिष्ठजन, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में समाजजनों ने देश के विकास, सामाजिक समरसता तथा समुदाय की प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी व्यक्त किए।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों एवं समाजजनों ने बिहार के प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन ‘लिट्टी-चोखा’ का स्वाद लेकर अपनी सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाया।





