Municipal Corporation Team Returned After Protest : मकान तोड़ने पहुंची नगर निगम की टीम को कांग्रेस उम्मीदवार ने लौटाया!

जेसीबी पर चढ़े, अफसरों से नोक झोंक हुई, मामला दर्ज किया गया!

590

Indore : लोकसभा चुनाव के कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने आज सुबह शहर के लोगों को अपने आक्रामक अंदाज दिखाए। उन्होंने एमओजी लाइन इलाके में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए बनाए गए मकानों को नगर निगम के अमले द्वारा तोड़े जाने का विरोध किया। वे जेसीबी के सामने आ गए और उन्हें रोककर टीम को वापस लौटने के लिए मजबूर कर दिया।

आज सुबह नगर नियम की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पहुंची थी। स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए कई मकानों को हटाया जाना है। निगम की टीम को देखकर वहां जमकर हंगामा शुरु हो गया। लोग जेसीबी मशीन के सामने खड़े हो गए। वहीं कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार अक्षय बम सहित कई कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का विरोध करने लगे। नगर निगम की टीम जिला प्रशासन और पुलिस के साथ आज एमओजी लाइन में पूर्व सैनिकों के 110 मकानों को तोड़ने पहुंची थी। इस कार्रवाई का पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों के द्वारा विरोध किया जा रहा था। इस बारे में जानकारी मिलते ही कांग्रेस कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय बम मौके पर पहुंचे।

IMG 20240408 WA0036

स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों को सालों पहले ये मकान अलॉट हुए थे, जिसे आज अतिक्रमण बताकर निगम का अमला तोड़ने पहुंचा था। इस दौरान प्रशानिक अमले और कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अक्षय कांति बम के बीच जबरदस्त नोकझोंक हुई। अक्षय बम के विरोध के बाद प्रशासनिक अमले को लौटना पड़ा।

भाजपा पार्षद भारत रघुवंशी का जनता ने भारी विरोध किया। इस मामले में अक्षय कांति बम और युवा कांग्रेस के इंदौर शहर अध्यक्ष तत्सम भट्ट पर केस भी दर्ज किया गया। दोनों ही नेताओं की गिरफ्तारी हो सकती है। लेकिन, नगर निगम की टीम को वापस लौटने से जनता खुश दिखाई दी।