Absconding Dacoit Somala Caught : लंदन विला डकैती का मास्टर माइंड फरार डकैत सोमला 3 माह बाद आलीराजपुर में पकड़ाया!

उस पर 40 हजार का इनाम घोषित, अब इंदौर पुलिस उसे लेने जाएगी!

272

Absconding Dacoit Somala Caught : लंदन विला डकैती का मास्टर माइंड फरार डकैत सोमला 3 माह बाद आलीराजपुर में पकड़ाया!

इंदौर। बाणगंगा इलाके की लंदन विला में इंडियन ऑयल के अधिकारी के यहां हुई डकैती के मामले में जमानत के बाद फरार हुए डकैत सोमला भील को आलीराजपुर पुलिस ने बुधवार को पकड़ लिया। उस पर 40 हजार का इनाम घोषित था। अलीराजपुर पुलिस को भी एक मामले में उसकी तलाश थी। अब बाणगंगा पुलिस उसे जल्द अभिरक्षा में लेगी।

जानकारी के मुताबिक, आलीराजपुर पुलिस ने लंदन विला डकैती कांड के मास्टर माइंड सोमला भील को बुधवार को पकड़ लिया। सोमला अपने रिश्तेदारों से मिलने आलीराजपुर आया था। उसे मुखबिर की सूचना के बाद पकड़ा गया। इंदौर में हुई डकैती में सबूत के अभाव में कोर्ट ने उसे जमानत दे दी थी। लेकिन, बाद में टीआई नीरज बिरथरे ने अपना पक्ष रखा तो कोर्ट ने उसकी जमानत निरस्त कर दी। लेकिन, इस बीच सोमला फरार हो गया था। तभी से पुलिस सोमला को ढूंढ रही थी।

इंदौर पुलिस सोमला को लेने जाएगी

बाणगंगा पुलिस की टीम अगले सप्ताह सोमला को लेने आलीराजपुर जाएगी। उसे पुलिस तीन माह से तलाश कर रही थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को मार्च में कालीदेवी तहसील से गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट में पुलिस ने प्रतिवेदन में त्रुटि कर दी थी, जिसका लाभ सोमला को मिल गया था। कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया। मामले में पुलिस ने गंभीर गलती मानकर अपनी तरफ से कोर्ट में जमानत निरस्ती का आवेदन लगाया, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था। तभी से आरोपी को पकड़ने पुलिस आदिवासी जिले की खाक छान रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच सोमला के कुछ साथियों को पुलिस ने पकड़ लिया था। आलीराजपुर में सोमला के पकड़ाने से बाणगंगा पुलिस ने राहत की सांस ली है।