Congress:नहीं मिलेंगे किसी भी नेता को 2 पद,एक व्यक्ति एक पद फार्मूले पर बनेगी PCC 

245

Congress:नहीं मिलेंगे किसी भी नेता को 2 पद,एक व्यक्ति एक पद फार्मूले पर बनेगी PCC 

भोपाल:एक व्यक्ति एक पद का फार्मूले पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी बनाई जाएगी। जिसमें किसी भी पदाधिकारी के पास दो पदों की जिम्मेदारी नहीं होगी। जिसमे यदि किसी को कार्यकारिणी की जिम्मेदारी दी गई तो वह प्रवक्ता या अन्य किसी विभाग में पद नहीं पा सकेगा। इस फॉर्मूले को ध्यान में रखकर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी बनाई जा रही है। एक व्यक्ति एक पद का नियम कांग्रेस के पिछले अधिवेशन में हुआ था। जिसके पालन में सबसे पहले जीतू पटवारी ने ही अपना एक पद छोड़ा था।

प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का इसी महीने ऐलान होने की संभावना है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने यह दावा किया है कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी बना दी जाएगी। कार्यकारिणी में जगह पाने के लिए कांग्रेस के नेता सक्रिय हो गए हैं, वहीं कुछ नेता ऐसे भी हैं जो कांग्रेस के विभागों के प्रदेश अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं। ऐसे में किसी भी नेता को दो पद नहीं दिए जाएंगे। सभी को एक ही पद मिलेगा। उसके साथ उन्हें जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

*जीतू ने छोड़ा था पद* 

दो साल पहले राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ था। इस अधिवेशन में यह तय किया गया था कि एक व्यक्ति एक पद नियम पार्टी में लागू किया जाएगा। इस अधिवेशन के समय जीतू पटवारी के पास प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं मीडिया विभाग के अध्यक्ष के पद था। उन्होंने अधिवेशन से लौटने के बाद मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने इस्तीफे में इस बात का जिक्र किया था कि उदयपुर अधिवेशन में एक व्यक्ति एक पद का नियम बनाया गया है, उसके पालन में वे एक पद छोड़ रहे हैं।