Show Cause Notice : महिला बाल विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी!  

कलेक्टर ने लापरवाही, मनमानी और निर्देशों की अवहेलना पर जवाब मांगा! 

2106

Show Cause Notice : महिला बाल विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी!  

इंदौर। व्यापक स्तर पर लापरवाही तथा कई प्रकार की अनियमितता बरतने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास रामनिवास बुधोलिया को कलेक्टर आशीष सिंह ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया कि जिला स्तरीय अधिकारी होने के नाते आपका कर्तव्य है कि महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत जिले में संचालित समस्त संस्थाओं का समुचित पर्यवेक्षण कर उनका नियमानुसार संचालन सुनिश्चित कराएं। किंतु जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा अपने कर्तव्यों के विधिवत निर्वहन नहीं करने के कारण महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित संस्था युगपुरुष धाम इंदौर में व्यापक स्तर पर लापरवाही बरती जाने तथा कई प्रकार की अनियमितता प्रमाणित पाई गई।

इससे स्पष्ट होता है कि बुधोलिया द्वारा शासन के निर्देशों की अवहेलना करते हुए, स्वेच्छापूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जा रहा है। अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग नहीं की जा रही। इसके फलस्वरूप उपरोक्तानुसार स्थिति उत्पन्न हुई तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित जिले एवं शासन की छवि धूमिल हुई।

उक्त कृत्य स्वेच्छाचारिता, शासन के निर्देशों की अवहेलना तथा अपने कर्तव्यों के पालन में लापरवाही का द्योतक होने के कारण मप्र सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के अंतर्गत कदाचरण की श्रेणी में आता है। मप्र सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 16 सहपठित नियम 10 के अंतर्गत कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।

साथ ही सूचित गया कि क्यों न जिला कार्यक्रम अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ की जाए। इस संबंध में स्पष्टीकरण तीन दिवस में स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है यदि उत्तर उक्त दी गयी समयावधि में प्राप्त नहीं हुआ तो यह माना जाकर की लगाया गया आरोप स्वीकार है, प्रस्तावित अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए स्वयं उत्तरदायी होंगे।