Bhagwan Mahakal: भगवान महाकाल को लगेगा सवा लाख लड्डुओं का भोग,मंत्र उच्चारण के साथ बनाने की हुई शुरुआत, राखी भी अर्पित होगी

93

Bhagwan Mahakal: भगवान महाकाल को लगेगा सवा लाख लड्डुओं का भोग,मंत्र उच्चारण के साथ बनाने की हुई शुरुआत, राखी भी अर्पित होगी

उज्जैन: 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा रक्षा बंधन के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में पुजारी परिवार द्वारा बाबा महाकाल को लड्डूओं का भोग लगाया जाएगा। महाकाल मंदिर परिसर में इसकी शुरुआत उज्जैन कलेक्टर, पुजारी और उनके परिवार की महिलाओ ने की।

यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इसी क्रम में इस बार भी भस्म आरती करने वाले पुजारी परिवार द्वारा राजाधिराज महाकाल को लड्डूओं का भोग अर्पण किया जाएगा। परंपरा से राजा महाकाल को श्रावण पूर्णिमा पर सबसे पहले राखी बांधी जाती है। भस्म आरती के दौरान भगवान को राखी बांधने के पश्चात लड्डूओं का भोग लगाया जाता है।

बुधवार अल सुबह इसकी शुरुआत हुई। कलेक्टर नीरज सिंह के साथ जनोई पाती परिवार के पंडित घनश्याम पुजारी, संजय पुजारी, आशीष पुजारी, विकास पुजारी, मनोज पुजारी ने लड्डुओं के बनाने की शुरुआत मंत्रो से की। इस दौरान उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने पूजन किया। आशीष पुजारी ने बताया कि राखी पर्व पर सवा लाख लड्डुओं का भोग लगेगा। आज से महाकाल मंदिर परिसर में नए बने शिखर दर्शन के नीचे कमरों में शुरुआत की गई है।

लड्डू बनाने वाले पात्र को गंगा जल से शुद्ध किया गया। पांच दिन में सवा लाख लड्डू बनकर तैयार हो जाएंगे। सवा लाख लड्डुओं का वितरण राखी पर्व भगवान महाकाल को भोग लगाने के बाद किया जायेगा।

कलेक्टर नीरज सिंह ने कड़ाई में लड्डू डालकर इसकी शुरुआत कर कहा कि परंपरा अनुसार सवा लाख लड्डुओं का भोग लगेगा इसलिए पूजन कर देशवासियो की मंगल कामना प्रार्थना भगवान महाकाल से की है।