राजस्व महा अभियान 2.0: संभाग के जिलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी होंगे सम्मानित- संभागायुक्त दीपक सिंह ने ग्रेडिंग तैयार करने के दिए निर्देश

144

राजस्व महा अभियान 2.0: संभाग के जिलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी होंगे सम्मानित- संभागायुक्त दीपक सिंह ने ग्रेडिंग तैयार करने के दिए निर्देश

इंदौर:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश भर में राजस्व महा अभियान 2.0 आयोजित हो रहा है। अभियान के तहत राजस्व प्रकरणों तथा राजस्व संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु विशेष शिविर का आयोजन मैदानी स्तर पर राजस्व अमले द्वारा किया जा रहा है।

संभागायुक्त श्री दीपक सिंह के मार्गदर्शन में इन्दौर संभाग के समस्त जिलों में राजस्व महा अभियान 2.0 का आयोजन हो रहा है। संभागायुक्त श्री सिंह ने बताया कि राजस्व महा अभियान 2.0 के तहत संभाग के समस्त आठ जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिलेवार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तथा संभाग स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्तर पर प्रगति सुनिश्चित करने वाले अधिकारी को संभाग स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में संभागायुक्त श्री सिंह ने संभागीय कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व महाअभियान के तहत प्रकरणों की संख्या एवं निराकरण प्रतिशत आधार पर जिलेवार उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारीगण की ग्रेडिंग तैयार की जाए। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को अभियान के पश्चात सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राजस्व महा अभियान 2.0 के तहत राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु मैदानी स्तर पर विशेष प्रयास किये जा रहे है, जिसके तहत नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती, नक्शा बटांकन, तरमीम, ई केवायसी सहित अन्य राजस्व प्रकरणों एवं कार्यों को पूर्ण किया जा रहा है।