ISBT : नायता मुंडला बस स्टैंड 8 सितंबर से शुरू होगा, 600 बसों के संचालन का इंतजाम, AICTSL की बसें भी यहीं से चलेंगी!

162

ISBT : नायता मुंडला बस स्टैंड 8 सितंबर से शुरू होगा, 600 बसों के संचालन का इंतजाम, AICTSL की बसें भी यहीं से चलेंगी!

शुरू में महाराष्ट्र जाने वाली AICTSL की 22 बसों को नायता मुंडला से चलाया जाएगा!

Indore : नायता मुंडला में बनाए गए आईएसबीटी से एक सितंबर से बसों का संचालन शुरू होना था। लेकिन, एप्रोच रोड अधूरी होने से अब 8 सितंबर से बस स्टैंड को शुरू किया जाएगा। यहां से महाराष्ट्र की तरफ जाने वाली बसों को चलाया जाएगा। शहर के अंदर से महाराष्ट्र के लिए चलने वाली लंबी दूरी की सभी बसों को नायता मुंडला बस स्टैंड से ही चलाया जाएगा। इसमें एआईसीटीएसएल की महाराष्ट्र जाने वाली करीब 22 बसों को भी स्थानांतरित किया जाएगा।

ये बसें अभी गीता भवन चौराहा के पास एआईसीटीएसएल के बस स्टैंड से संचालित होती हैं। शहर में अन्य स्थानों से संचालित होने वाली बसों को भी यहां पर स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि शहर के अंदर से बसों का दबाव कम किया जा सके। नायता मुंडला बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं जुटाई गई हैं। यहां से प्रतिदिन 600 बसें संचालित हो सकेंगी। दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अलग से पार्किंग बनाई गई है। तीन सौ दोपहिया और डेढ़ सौ चार पहिया वाहन यहां पार्क हो सकेंगे। परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

बस मेंटेनेंस के लिए नए डिपो बनेंगे

शहर में वर्तमान में सिटी बसों के मेंटनेंस के लिए 9 डिपो हैं। जबकि, बसों की संख्या के लिहाज से डिपो की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए नई जगह तलाश रहे हैं। इसके साथ ही राजस्व बढ़ाने के लिए विज्ञापन प्रदर्शन के लिए नई जगह तैयार करने के लिए कहा है। यात्रियों ने भी यात्रा के दौरान आने वाली परेशानी के बारे में बताया है, जिसे दूर किया जाएगा।

अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) में सीईओ की जिम्मेदारी मिलने के बाद दिव्यांक सिंह ने सिटी बस, आई-बस, बीआरटीएस आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों से चर्चा की। संबंधित कर्मचारी व सुपरवाइजर भी इस दौरान मौजूद थे। सीईओ ने बताया कि सिटी और आई बस में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को ध्यान में रखकर निरीक्षण किया। इसमें सामने आया कि बसों की बेहतर सफाई नहीं होती है। साथ ही समय पर संचालन भी नहीं हो पा रहा है। इसे लेकर निर्देश दिए हैं।