CS Rank: 4 माह तक बिना पद के CS वेतनमान लेते रहे IAS अफसर, अब 7 माह बाद कैबिनेट से ली मंजूरी

128
IAS Transfer & Additional Charge

CS Rank: 4 माह तक बिना पद के CS वेतनमान लेते रहे IAS अफसर, अब 7 माह बाद कैबिनेट से ली मंजूरी

भोपाल। केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से 1988 बैच के IAS संजय बंदोपाध्याय की वापसी के बाद मध्यप्रदेश में मुख्य सचिव वेतनमान में तय चौदह से अधिक संख्या में ACS हो गए थे। लेकिन उनकी वापसी के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने किसी भी अफसर को रिवर्ट नहीं किया और प्रदेश में तय संख्या से अधिक अफसर CS वेतनमान में काम करते रहे। अब बंदोपाध्याय के रिटायर होने के बाद कैबिनेट से मुख्य सचिव वेतनमान के लिए एक अस्थाई पद की चार माह के लिए मंजूरी ली गई। इस लेटलतीफी के चलते पद न होते हुए भी CS वेतनमान में अफसर काम करते रहे और अब सात माह बाद कैबिनेट से इसकी मंजूरी ली गई है।

मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में भारतीय प्रशासनिक सेवा के मुख्य सचिव ग्रेड सवा दो लाख रुपए प्रति माह में एक अस्थाई पद 15 जनवरी 2024 से 31 मई 2024 तक की अवधि के लिए निर्मित किए जाने के प्रस्ताव को सात माह बाद कैबिनेट से मंजूरी दिलाई गई है।

सूत्रों के मुताबिक भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1988 बैच के अधिकारी संजय बंदोपाध्याय केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से समय से पहले मध्यप्रदेश वापस आ गए। वे तीस अगस्त को अपना कार्यकाल पूरा कर सेवानिवृत्त हो गए।

मध्यप्रदेश में मुख्य सचिव वेतनमान में केवल चौदह पद स्वीकृत है। उनकी वापसी के बाद 1992 बैच की अधिकारी ACS बन गई स्मिता भारद्वाज जो CS वेतनमान में सबसे नीचे थी,को रिवर्ट करना पड़ता या अतिरिक्त पद की मंजूरी लेना पड़ती। लेकिन जीएडी ने न तो किसी को रिवर्ट किया और न ही कैबिनेट से इसकी मंजूरी ली। राज्य सरकार ने स्मिता भारद्वाज को 28 दिसंबर 2023 में ही अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत कर दिया था। इसके बाद कल्पना श्रीवास्तव को भी CS वेतनमान दिया गया। भारद्वाज खेल एवं युवा कल्याण विभाग में ACS है। लेकिन जीएडी ने बंदोपाध्याय की वापसी के बाद तत्काल न तो कैबिनेट से एक अतिरिक्त पद की मंजूरी ली और न ही किसी अधिकारी को रिवर्ट किया।
अब बंदोपाध्याय की मध्यप्रदेश वापसी और उनके रिटायरमेंट के बाद सात माह की अवधि के बाद जीएडी ने कैबिनेट से इस पद की मंजूरी ली।

बंदोपाध्याय के समय से पहले वापसी से बनी यह स्थिति

बंदोपाध्याय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण में दिसंबर 2021 से अध्यक्ष थे। केन्द्र में सचिव और उसके समकक्ष एंपेनल होने के बावजूद केन्द्र सरकार ने उन्हें सचिव नहीं बनाया जबकि उनसे जूनियर 1991 बैच के तमिलनाडु कैडर के टीके रामचंद्रन बंदोपाध्याय से तीन साल जूनियर अधिकारी जहाजरानी तथा पोत मंत्रालय में सचिव के पद पर है। जूनियर के नीचे काम करने से बंदोपाध्याय खुश नहीं थे और अपने आपको असहज महसूस कर रहे थे इसीलिए वे समय से पहले मध्यप्रदेश वापस आ गए थे। इसलिए प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त होने से पहले वे वापसी का आदेश कराकर मध्यप्रदेश वापस आ गए।

सामान्य प्रशासन विभाग ने स्मिता भारद्वाज के बाद कल्पना श्रीवास्तव को भी डेढ़ माह के लिए CS वेतनमान दिया था। सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिक्य के पद पर सीएस वेतनमान में अधिकारियों के बने रहने के लिए डीओपीटी से तो अनुमति ले ली थी लेकिन मध्यप्रदेश की कैबिनेट से इसकी मंजूरी नहीं ली थी। इसलिए मंगलवार को हुई कैबिनेट में इसकी स्वीकृति ली गई।