Maksi Update : मक्सी में हिंसक विवाद के बाद 15 लोगों पर FIR दर्ज, कमिश्नर और IG भी पहुंचे!

एक घायल की मौत, चार जिलों का पुलिस बल तैनात किया गया!

168

Maksi Update : मक्सी में हिंसक विवाद के बाद 15 लोगों पर FIR दर्ज, कमिश्नर और IG भी पहुंचे!

Shajapur : जिले के मक्सी में बुधवार रात 8 बजे दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी और गोलीबारी के मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहन पटेल सहित 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस घटना में शामिल अनीस खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, यह मामला एक पुराने विवाद से संबंधित है। घटना में घायल हुए व्यक्तियों को जिला अस्पताल शाजापुर रेफर किया गया, जहां अमजद खान की मृत्यु हो गई। मौके पर कलेक्टर ऋजु बाफना और पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत मौजूद हैं। स्थिति नियंत्रण में है। चार जिलों का पुलिस बल यहां तैनात किया गया है। आज कमिश्नर और आईजी भी मक्सी पहुंच गए।

IMG 20240926 WA0029

मक्सी में बुधवार रात दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव के साथ गोलियां भी चलीं। जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घटना शहर के बल्डी मोहल्ले की है। विवाद की सूचना मिलते ही कलेक्टर, एसपी, एसडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी मक्सी पहुंचे। पूरे गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है, साथ ही प्रशासन ने इलाके में धारा 163 लगा दी।

यह था पूरा मामला

मक्सी में भाजपा के सदस्यता अभियान से शुरू हुआ विवाद बुधवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। शाजापुर एसपी यशपाल सिंह सिसोदिया के मुताबिक, बुधवार (25 सितंबर) रात 8 बजे मक्सी के एक मोहल्ले में विवाद हो गया। इस दौरान दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए, दोनों गुटों की ओर से पत्थरबाजी हुई। बवाल के दौरान भीड़ में से ही किसी ने फायरिंग कर दी। घटना में अमजद नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि 7 घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को इंदौर रेफर कर दिया गया।

इस वजह से हुआ विवाद!

शहर के बाल्डी मोहल्ले में सोमवार (23 सितंबर) देर रात राजनीतिक दल के सदस्यता अभियान कार्यक्रम से लौट रहे समीर मेव नाम के युवक का कुछ लोगों से विवाद हो गया। इसके बाद कुछ युवकों ने समीर के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां तनाव का माहौल बढ़ गया। दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में थाने पर जमा हो गए।

शिकायत पर पुलिस ने मारपीट के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग मंगलवार को शाजापुर में एसपी ऑफिस पहुंचे और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। इसके बाद मक्सी में तनाव की स्थिति बन गई। बुधवार रात को हुआ विवाद भी इसी से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विवाद कैसे शुरू हुआ।

पथराव में ये घायल

झगड़े में घायल हुए 8 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था, जिसमें से एक की मौत हो गई। 7 घायल हैं अरजान (14) पिता आरिफ, जुनैद खान (45) पिता साबिर खान, इकबाल खान (48) पिता मुस्तफिर, अहूजर (24) पिता साबिर, अल्ताफ (26) पिता साजिद, अरबाज पिता शकील और रेहान (15) पिता इरशाद। अमजद (40) पिता अजीत खान की मौत हो गई।