New Traffic Police Station : इंदौर में 4 नए ट्रैफिक थाने खोलने की तैयारी, ये थाने बाहरी इलाके में खुलेंगे!

जल्द ही शासन को इस आशय का प्रपोजल भेजा जाएगा, इससे यातायात भी सुधरेगा!  

56

New Traffic Police Station : इंदौर में 4 नए ट्रैफिक थाने खोलने की तैयारी, ये थाने बाहरी इलाके में खुलेंगे!

Indore : शहर के बढ़ते ट्रैफिक और आगामी सिंहस्थ को देखते हुए जल्द ही चार नए ट्रैफिक थाने खोलने का प्रपोजल तैयार किया गया है। इसे जल्द स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। चारों थाने बाहरी मार्गों पर खोले जाएंगे, जिससे बाहरी मार्गों से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों पर नजर रखी जा सकेगी। इससे बेहतर यातायात और दुर्घटनाएं रोकने में मदद मिलेगी।

उज्जैन, देवास, खंडवा और धार की ओर रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों, बसें, ट्रक आवाजाही करते हैं। इन मार्गों पर ट्रैफिक जवान शहरी सीमा में प्रमुख चौराहों पर पदस्थ रहते हैं। इसलिए नए थाना भवन धरमपुरी रोड, तेजाजी नगर, मांगलिया बायपास और राऊ में खोले जाएंगे।

IMG 20241008 WA0015

अभी सेन्ट्रल कोतवाली तथा एमओजी लाइंस में थाना संचालित हो रहा है। क्षेत्रफल के साथ वाहनों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। दिनोंदिन बढ़ोतरी भी होती जा रही है। करीब 31 लाख में से रोजाना सड़कों पर 12 से 15 लाख वाहन चलते हैं। इतनी बड़ी संख्या में वाहन चलने से उन पर नजर रख पाना मुश्किल हो जाता है। एक छोर से दूसरे छोर तक शहर 10 से 12 किलोमीटर तक फैला है।

बल कम, कैसे करें काम

धीरे-धीरे महानगर की ओर बढ़ रहे इंदौर में ट्रैफिक विभाग में बल की लंबे समय से कमी बनी हुई है। शासन की ओर से 850 बल की स्वीकृति है, लेकिन केवल 715 का स्टाफ है, जबकि आवश्यकता 2 हजार की है। इसमें पुलिस उपायुक्त से लेकर आफिस वर्क करने वाले जवान भी शामिल है। इसमें भी करीब छह माह पहले 110 नए जवानों की नियुक्ति की गई थी। इतना कम स्टाफ होने से ट्रेफिक सुधार में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वीआईपी आने, तीज त्यौहार आदि पर बल का विभाजित किया जाता है।

दो थानों की इमारत कमजोर

चालानी कार्रवाई कर शासन को प्रतिवर्ष लाखों रुपए राजस्व दिलाने वाला ट्रैफिक विभाग के दोनों थाने पुराने भवनों में संचालित हो रहे हैं। सबसे खराब स्थिति एमओजी लाइंस थाना भवन की है। यहां भवन के आसपास बारिश में जलजमाव हो जाता है।

हर चौराहै पर नजर नहीं

कई ऐसे चौराहे हैं, जहां सुबह से लेकर देर रात तक हजारों वाहन गुजरते हैं। रोजाना जाम लगने, दुर्घटनाएं होती है। बल के अभाव में ट्रैफिक दबाव वाले चौराहों पर जवान तैनात नहीं किए जाते हैं, जिससे वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं। पुलिस उपायुक्त अरविंद तिवारी ने बताया कि चार नए थानों का प्रपोजल तैयार किया है। शीघ्र ही शासन को भेजा जाएगा। आवश्यकतानुसार बल की भी मांग की जाएगी, ताकि यातायात सुधार में मदद मिल सके।