ठंड और शीतलहर से ठिठुरा उप्र, कल तक राहत की उम्मीद नहीं

830

लखनऊ से रामेंद्र सिन्हा की रिपोर्ट

लखनऊ। ठंड और शीतलहर ने राजधानी सहित समूचे उत्तर प्रदेश को पिछले 4 दिनों से कंपकपा दिया है। लखनऊ में भी गलन भरी ठंड और घने कोहरे से राहत नहीं मिल रही है। इस दौरान शहर का तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 जनवरी तक प्रदेश के कई इलाकों में गलन भरी ठंड और शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। लखनऊ सहित आसपास के जिलों में भी सुबह घने कोहरे और सर्द हवा ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं इसके चलते वायु गुणवत्ता में भी गिरावट हुई है।

प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा पड़ सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मेरठ में 5.4 डिग्री सेल्सियस, कानपुर में 7.8 डिग्री सेल्सियस और मुजफ्फरनगर में 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। साथ ही पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन में प्रदेश भर में ठंड महसूस हुई।

लखनऊ के वायु गुणवत्ता का एक्यूआइ स्तर 110 दर्ज किया गया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) मापने के लिए प्रदूषण मापक यंत्र लगाए गए हैं। इनके अनुसार तालकटोरा में एक्यूआइ का स्तर 142, लालबाग में 129, केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में 117, रायबरेली रोड स्थित बी आर अम्बेडकर यूनिवर्सिटी में 104, गोमती नगर में 89 और कुकरैल पिकनिक स्पाट-एक में एक्यूआइ का स्तर 82 पर दर्ज किया गया।

उधर, दिल्ली से मिली जानकारी के अनुसार मौसम कार्यालय ने अगले दो दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई है। आईएमडी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी, मध्य प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा।