मंदसौर- कोरोना कहर, पॉजिटिव मिले सैंकड़ा पार, स्कूल खोलने की तैयारी

749

मंदसौर से डॉ. घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। महानगरों का कोरोना संक्रमण उछाल (Peak) अब अन्य छोटे शहरों, ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहा है। अब तक आ रहे कम आंकड़े एकदम से शतकीय पॉजिटिव बता रहे हैं।

रविवार को 91 पॉजिटिव थे आज सोमवार को 131 नये पॉजिटिव रोगी मिले हैं। संक्रमित मरीज़ जिले के सभी क्षेत्रों के हैं।

कोविड गाइडलाइन पालन के साथ मुख्यमंत्री ने मंगलवार 1 फ़रवरी से बंद पड़े निजी और शासकीय विद्यालयों खोले जाने के निर्देश जारी किये हैं। जिला शिक्षा अधिकारी आर एल कारपेंटर के अनुसार शासन के निर्देश मुताबिक ही स्कूलों में उपस्थिति रहेगी।

सोमवार की प्राप्त परीक्षण अंतिम रिपोर्ट में 1001 सेम्पल जिनमें आरटीपीसीआर एवं रैपिड टेस्ट शामिल हैं। 102 मंदसौर जिले के एवं 29 अन्य स्थानों के पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें मंदसौर, गरोठ, भानपुरा, मल्हारगढ़, धुँधड़का, सीतामऊ, रथाना, भूखी, सेदरा, दलौदा, शामगढ़ आदि स्थानों के रोगी हैं। अधिकांश मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। मेडिकल किट से उपचारित किया जा रहा है।

जिले में तीसरी लहर में 321 पॉजिटिव हुए हैं। सिविल सर्जन डॉ डी के शर्मा ने बताया कि हॉस्पिटल में सोमवार को मात्र एक मरीज़ कोरोना का भर्ती है। ओमिक्रोन वेरिएंट के प्रभाव हल्के (Mild) होने से 3-5 दिनों में पर्याप्त सुधार हो रहा है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ के एल राठौर ने जानकारी दी है कि जिले में अब तक 5 ओमिक्रोन संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। मंदसौर की लैब में जांच भी सही तरीके से हो रही है। शंका जैसी कोई बात नहीं है। जांच की आरटीपीसीआर रिपोर्ट लिंक के माध्यम से स्वयं देख सकते हैं।

कलेक्टर गौतमसिंह ने चर्चा में भरोसा दिया कि घबराने और चिंता करने जैसी स्थिति नहीं है। प्रोटोकॉल और गाइडलाइन पालन सबकी सामुहिक जिम्मेदारी है। डेल्टा वेरिएंट जितना घातक ओमिक्रोन नहीं है। इसके लक्षणों में चिकित्सा का लाभ पॉजिटिव मरीजों को मिल रहा है। जिला अस्पताल, अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों पर इलाज की पूरी व्यवस्था जुटाई गई है।

मंदसौर जिले में अब तक कुल 3 लाख 22 हजार से अधिक सेम्पल लिये गये हैं। 9578 पॉजिटिव मिले जिसमें से 9127 डिस्चार्ज किये गए हैं।

टीकाकरण अभियान, युवाओं के साथ वरिष्ठ जनों का बूस्टर डोज़ भी चल रहा है।

 

कलेक्टर गौतम सिंह, पुलिस अधीक्षक पांडेय ने पुनः अपील की है कि मास्क अवश्य अपनी और अन्य की सुरक्षा के लिये जरूर लगाएं, भीड़ नहीं करें, दूरी बनाए रखें।

मास्क नगरपालिका मंदसौर द्वारा सिटी में गांधी चौराहे पर वितरित किये जा रहे हैं। पुलिस एवं नगर निकाय कर्मियों द्वारा समझाइश भी दी जा रही है।

इन सबके बावजूद हर स्तर पर लापरवाही और गैरजिम्मेदाराना व्यवहार देखा जारहा है। मास्क नहीं लगाया जा रहा है। भीड़ भी सभी स्थानों पर हो रही है। यातायात तक बाधित हो रहा है। राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ स्तर व घर घर पहुंच कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा हो रहा है।