Disability Concession Card : दिव्यांगजनों को ऑनलाइन रियायती कार्ड, 800 से अधिक को लाभ मिला!

रतलाम मंडल में नवंबर 2024 से चल रही डिजिटल प्रक्रिया से दिव्यांगजनों को मिली राहत!

312

Disability Concession Card : दिव्यांगजनों को ऑनलाइन रियायती कार्ड, 800 से अधिक को लाभ मिला!

Indore : भारतीय रेलवे द्वारा दिव्यांगजनों को समर्पित एक बड़ी सुविधा के रूप में ऑनलाइन रियायती कार्ड जारी करने की प्रक्रिया रतलाम रेल मंडल में नवंबर 2024 से शुरू की गई थी। इस सुविधा के अंतर्गत अब तक मंडल द्वारा 800 से अधिक रियायती कार्ड बनाकर लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं। यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान का अहम हिस्सा है, जिससे दिव्यांगजनों को रेलवे कार्यालय के चक्कर लगाने की ज़रूरत नहीं रही।

अब दिव्यांग घर बैठे मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इससे न केवल उनका समय बचता है बल्कि उन्हें मानसिक और शारीरिक राहत भी मिलती है। ऑनलाइन आवेदन के लिए लाभार्थी को divyangjanid.indianrailway.in पर जाकर पंजीकरण करना होता है। इसके बाद मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, विकलांगता प्रमाण पत्र, फोटो और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां अपलोड करनी होती हैं। आवेदन की स्थिति को भी ऑनलाइन ही ट्रैक किया जा सकता है।

यह रियायती कार्ड रेलवे यात्रा के दौरान विशेष सुविधा और रियायती किराया दिलाने में मदद करता है, जिससे दिव्यांगजनों को सस्ती और सम्मानजनक यात्रा का अनुभव मिल रहा है। रतलाम मंडल वाणिज्य विभाग के निर्देशन में यह काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इसे यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल रही है।