
पन्ना टाइगर रिजर्व में खुशी का माहौल: हथिनी अनारकली ने 2 बच्चों को दिया जन्म, रिजर्व के इतिहास की पहली घटना
बाघों के साथ-साथ बढ़ रहा हाथियों का कुनबा भी
पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में बाघों के साथ-साथ हाथियों का कुनबा भी बढ़ रहा है। यहाँ की हथिनी अनारकली ने एक साथ दो मादा बच्चों को जन्म दिया है।
आमतौर पर हथिनी एक ही बच्चे को जन्म देती है, पन्ना टाइगर रिज़र्व के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी हथिनी ने तक़रीबन 3 घण्टे के अंतराल में दो बच्चों को जन्म दिया है। इन नन्हे मेहमानों के आने से पन्ना टाइगर रिज़र्व में खुशी का माहौल है। इन नये मेहमानों के आने के साथ ही पीटीआर में हाथियों का कुनबा बढ़कर 21 हो गया है।
हथिनी अनारकली के पन्ना आने की भी दिलचस्प दास्तान है। बताया गया है क़ि 18 वर्ष की उम्र में हथिनी अनारकली को जून 1986 में सोनपुर के मेले से पन्ना लाया गया था। तभी से यह हथिनी पन्ना टाइगर रिज़र्व में हांथियों के कुनबे में शामिल है।
पन्ना टाइगर रिज़र्व में तक़रीबन 39 वर्ष तक अपनी सेवाएं देने के साथ इस हथिनी ने हाथियों के कुनबे को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अनारकली ने पन्ना टाइगर रिज़र्व में अब तक 6 बार बच्चों को जन्म दिया है। छठवीं बार यह हथिनी ने दो मादा बच्चों को जन्म देकर चर्चा में है।





