पुतिन के लौटते ही रामदेव ने रूस का मार्केट फतह कर लिया!  

284

पुतिन के लौटते ही रामदेव ने रूस का मार्केट फतह कर लिया!  

डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी की रिपोर्ट 

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 5 दिसंबर 2025 को भारत यात्रा से वापस लौटे और अगले ही दिन बाबा रामदेव ने अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए रूस के साथ बड़ी डील कर ली। नई दिल्ली में पतंजलि ग्रुप और रूसी सरकार के बीच एक MoU पर हस्ताक्षर हुए।

 

यह MoU पतंजलि योगपीठ और रूस की सरकार के बीच हुआ, जिसमें स्वामी रामदेव ने पतंजलि की ओर से तथा सेर्गेई चेरेमिन (इंडो-रूस बिजनेस काउंसिल के अध्यक्ष एवं रूसी वाणिज्य मंत्री) ने रूस की ओर से हस्ताक्षर किए। पुतिन के लौटते ही रामदेव ने रूस का मार्केट फतह कर लिया! यह सब हुआ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सदारत में।

 

अब बाबा की ‘दुकानें ‘ रूस में भी खुलेंगी। बाबा रामदेव और उनकी कंपनियां और ट्रस्ट हेल्थ, वेलनेस, योग, आयुर्वेद, हर्बल उत्पादों, स्वास्थ्य पर्यटन, कुशल मानव संसाधन आदान-प्रदान तथा संयुक्त अनुसंधान के क्षेत्र में भी सक्रिय होंगी। इस समझौते का मुख्य मकसद है :

 

– रूस में पतंजलि की वेलनेस सेवाओं का विस्तार, जिसमें योग तथा आयुर्वेदिक उत्पादों का प्रचार मुख्य है।

– एंटी -एजिंग तथा गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान पर संयुक्त अनुसंधान।

– पतंजलि) को रूसी बाजार में प्रवेश दिलाना तथा रूसी ब्रांडों को भारत में लाना।

– योग प्रशिक्षकों तथा कुशल श्रमिकों का पारस्परिक आदान-प्रदान।

यह MoU भारत-रूस के 23वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद हुआ, जो दोनों देशों के बीच 2030 तक आर्थिक सहयोग को सुदृढ़ करने का हिस्सा है। इससे पतंजलि को रूस के 14 करोड़ उपभोक्ताओं वाले बाजार में एंट्री मिल जाएगी। पतंजलि का माल रूस में भी बिकेगा। बाबा का साम्राज्य रूस तक होगा।