कल से चालू होगी भोपाल में ‘हमारी मेट्रो’, छह साल पहले हुआ था भूमिपूजन

42

कल से चालू होगी भोपाल में ‘हमारी मेट्रो’, छह साल पहले हुआ था भूमिपूजन

भोपाल:  राजधानी में लंबी प्रतीक्षा के बाद अंतत: कल से हमारी मेट्रो ट्रेन सरपट दौड़ने लगेगी। शुरूआती चरण में करीब सात किलोमीटर का सफर यानी सुभाष नगर से एम्स अस्पताल तक मेट्रो ट्रेन का संचालन होगा।

मेट्रो ट्रेन के उद्घाटन सत्र में सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह सीएम और केंद्रीय मंत्री सुभाष नगर स्टेशन से मेट्रो में बैठेंगे और एम्स तक सफर करेंगे। यहां पर प्र्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड वीडियो मैसेज जारी किया जाएगा। हालांकि आम जनता के लिए 21 दिसंबर यानी रविवार से मेट्रो का सफर शुरू होगा। यह ट्रेन सुबह 9 बजे से लेकर रात 7 बजे तक चलेगी। रोजाना 17 ट्रिप चलेगी और एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन की दूरी 3 मिनट में पूरी करेगी। इसमें न्यूनतम किराया 20 रुपए और अधिकतम किराया 70 रुपए तय किया गया है। यहां पर किसी तरह की फ्री यात्रा का प्रावधान नहीं रखा गया है।

गौरतलब है कि 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एमपी नगर स्थित गायत्री मंदिर के पास मेट्रो का भूमिपूजन किया था। इसके बाद भोपाल में पहली बार मेट्रो 3 अक्टूबर, 2023 को पटरी पर दौड़ी थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया था।

 

*8 मेट्रो स्टेशन में रुकेगी ट्रेन, यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था*

राजधानी में सबसे पहले आॅरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर सुभाष नगर से एम्स तक करीब साढ़े 6 किलोमीटर की शुरूआत हो रही है। इसमें 8 स्टेशन (सुभाष नगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम आॅफिस, अलकापुरी और एम्स) शामिल हैं। एक रूट पर 75 मिनट के अंदर मेट्रो ट्रिप पूरी करेगी। एक दिन में कुल 17 ट्रिप होंगी, जिसमें एम्स से सुभाष नगर के बीच 9 और सुभाष नगर से एम्स के बीच 8 ट्रिप शामिल हैं। पहली ट्रेन सुबह 9 बजे से एम्स स्टेशन से चलेगी और आखिरी स्टेशन सुभाष नगर तक 40 मिनट में पहुंचेगी। वहीं आखिरी ट्रेन भी एम्स से ही शाम 5 बजे चलेगी, जो शाम 6.25 बजे सुभाष नगर पहुंच जाएगी।

 

*3 जोन में बांटा किराया,* अधिकतम 40 रुपए रहेगा

मेट्रो रेल कॉपोर्रेशन ने भोपाल मेट्रो का किराया 3 जोन में बांटा है। इसमें कुल 8 स्टेशन हैं। पहले दो स्टेशन का किराया 20 रुपए है। 3 से 5 स्टेशन का 30 रुपए और 6 से 8 स्टेशन का किराया 40 रुपए लगेगा। उदाहरण के तौर पर यदि आप डीबी मॉल स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन जाते हैं तो आपको 20 रुपए चुकाने होंगे, लेकिन यदि आप एम्स तक की यात्रा कर रहे हैं तो आपको 40 रुपए किराया देना पड़ेगा।

मेट्रो ट्रेन आने के बाद 10 सेकंड के लिए खुलेगा गेट

स्टेशन से टिकट लेने के बाद यात्री प्लेटफॉर्म पर पहुंचेंगे। यहां पर मेट्रो ट्रेन आने के 10 सेकंड बाद प्लेटफॉर्म और मेट्रो के गेट एक साथ खुलेंगे। इस दौरान अनाउंसमेंट भी होगा कि गेट से दूरी बनाकर रखें, गेट खुलने वाले हैं। भोपाल में संचालित मेट्रो में कुल 980 यात्रियों की क्षमता है। हालांकि, एक कोच में लगभग 330 यात्री ही सफर कर सकते हैं। एक कोच में बैठने के लिए सिर्फ आमने-सामने दोनों तरफ मिलाकर 6 चेयर हैं। 6 में से कुछ चेयर पर 5 तो कुछ पर 7 यात्रियों के बैठने की जगह है। इस लिहाज से एक कोच में 50 यात्री ही बैठ सकेंगे। बाकी 280 यात्रियों को खड़े होकर ही यात्रा करनी होगी।