
रायगढ़ में कोल ब्लॉक विरोध के दौरान हिंसा: महिला TI पर हमला, पुलिस पर पथराव
रायगढ़ (छत्तीसगढ़): रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में कोल ब्लॉक आवंटन के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान शनिवार को स्थिति अचानक बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में महिला थाना प्रभारी कमला पुसाम गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना में कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
▪️प्रदर्शन के दौरान अचानक भड़की हिंसा
▫️प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस बल तमनार के सीएचपी चौक पर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और मार्ग व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात तेजी से बिगड़ते चले गए।
▪️महिला TI को लात-घूंसे से पीटा
▫️हिंसा के दौरान महिला टीआई कमला पुसाम पर भी हमला किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाओं के एक समूह ने लात-घूंसे से मारपीट की, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
▪️डीएसपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल
▫️पथराव और धक्का-मुक्की के दौरान डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के सिर में चोट आई है। इसके अलावा कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। पुलिस के कुछ वाहनों को भी क्षति पहुंची है।
▪️वाहनों में तोड़फोड़, आग लगाने की कोशिश
▫️उपद्रव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक बस सहित कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगाने का प्रयास किया। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
▪️वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, गिरफ्तारियां
▫️स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल मौके पर पहुंचे। हालात काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने 30 से 35 लोगों को हिरासत में लिया है।
▪️घटना से पहले की स्थिति
▫️बताया गया है कि क्षेत्र में कोल ब्लॉक आवंटन को लेकर कई दिनों से विरोध चल रहा था। मंगलवार को पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक ग्रामीण के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना सामने आई, जिसके बाद आक्रोश बढ़ गया और प्रदर्शन हिंसक हो गया।
▪️क्षेत्र में तनाव, पुलिस सतर्क
▫️घटना के बाद तमनार और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण माहौल है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।





