
दूषित पानी पीने से हुई मौतों पर कांग्रेस ने घण्टे लेकर किया सांसद के बंगले का घेराव
भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट
हाल ही में दूषित पानी पीने से देश के नंबर वन स्वच्छ शहर में 14 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद एक वरिष्ठ पत्रकार द्वारा इंदौर से ही विधायक एवं प्रदेश सरकार में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से इसको लेकर सवाल किया गया तो मंत्री जी का बेहद ही शर्मनाक एवं बेहूदा बयान सामने आया। जिसके बाद मंत्री महोदय की चारों तरफ आलोचना हो रही है। वहीं अब कांग्रेस को भी भाजपा को घेरने का मौका मिल गया। रविवार को भिण्ड शहरी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ‘पिंकी’ के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसी इंदिरा गांधी चौराहे पर एकत्रित हुए और हाथों में घण्टे लेकर सांसद संध्या राय के जन्मदिन पर ही भाजपा के खिलाफ हल्ला बोल करते हुए सांसद निवास का घेराव किया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस द्वारा बेरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को सांसद बंगले से पहले ही मुख्य सड़क पर रोक दिया गया।

इस दौरान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया पिंकी ने कहा कि भाजपा की सरकार बिल्कुल संवेदनहीन हो चुकी है। एक और छिंदवाड़ा में कफ सीरप पीने से कई बच्चों की मौत हुई तो अब दूषित पानी पीने से 14 मौतें होने के बाद भी कोई एक्शन सरकार द्वारा नहीं लाया गया। उल्टे इन मौतों का मजाक उड़ाते हुए मंत्रियों द्वारा बेतुके बयान देकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने के बजाय सत्ता के नशे में मगरूर हो रहे हैं। ऐसे मंत्री को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर देना चाहिए। भाजपा की मोहन सरकार लोगों को कीड़े मकोड़े समझ रही है इसीलिए छिंदवाड़ा में और अब इंदौर में हुई मौतों के बाद भी सरकार कार्यवाही नहीं कर रही है। भाजपा की मोहन सरकार पूरी तरह से फैल हो गई है। कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और इस सरकार की ईंट से ईंट बज देगी।
बाइट- धर्मेंद्र सिंह भदौरिया पिंकी, कांग्रेश शहर जिलाध्यक्ष
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल, वरिष्ठ नेता रामहर्ष सिंह कुशवाह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा भदौरिया, भिण्ड ब्लॉक अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, हलीम खान, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, मुकेश गर्ग, राहुल कुशवाह, आस्तिक मिश्रा, पार्षद दीपक शर्मा, चेतन शर्मा आदि सहित कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





