
भाजपा की जम्बो मीडिया टीम के मुकाबले कांग्रेस की बनेगी छोटी टीम, 50 तक होंगे प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश पेनेलिस्ट
भोपाल:प्रदेश कांग्रेस इस बार प्रदेश प्रवक्ताओं और पेनेलिस्ट की जम्बो टीम बनाने से परहेज कर रही है। दरअसल एआईसीसी ने तय कर दिया है कि इस जम्बो टीम नहीं बनाई जाएगी। कांग्रेस चुनाव के ढाई साल पहले से अब सीमित और प्रभावी प्रवक्ताओं के साथ सरकार और भाजपा को घेरने का काम करेगी। हालांकि सत्ता में रहते हुए भाजपा की मीडिया टीम में 89 लोग हैं। कांग्रेस इस संख्या के आधे लोग ही इस टीम में रख सकती है।
*टैलेंट हंट के जरिए चयन प्रक्रिया*
मीडिया विभाग के लिए उपयुक्त चेहरों की तलाश में कांग्रेस ने टेलेंट हंट आयोजित किया था। इसमें से चयनित हुए लोगों को 13 और 14 मई को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इस प्रक्रिया में चयनित 126 उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए गए। इन्हीं उम्मीदवारों में से प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश पैनलिस्ट और राष्ट्रीय पैनलिस्ट की नियुक्तियां की जानी हैं। पार्टी का उद्देश्य ऐसे प्रवक्ताओं और पेनेलिस्ट को चुनना है जो तथ्यात्मक रूप से मजबूती के साथ अपनी बात रख सकें।
*सीमित होगी प्रवक्ताओं की संख्या*
संगठनात्मक बदलावों के तहत एआईसीसी, प्रदेश मीडिया विभाग को जम्बो आकार देने के पक्ष में नहीं है। जिस तरह हाल ही में जिला कार्यकारिणी के गठन में सीमित संख्या का फॉमूर्ला अपनाया गया था, वही रुख प्रवक्ताओं और पेनेलिस्ट की नियुक्ति में भी दिखाई देगा।
संख्या 35 से 50 के बीच रहेगी
संभावना जताई जा रही है कि 35 से 50 को ही प्रवक्ता और पेनेलिस्ट की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस चयन प्रक्रिया की कमान पूरी तरह केंद्रीय नेतृत्व के हाथों में है। इसलिए एक एक प्रवक्ता और पेनेलिस्ट का चयन करने में एआईसीसी अपने मापदंड लागू करेगी। दिल्ली से आई एक विशेष टीम ने उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए हैं और उनकी रिपोर्ट तैयार की है। अब दिल्ली से ही अंतिम नामों पर मुहर लगाकर सूची प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। इसके बाद प्रदेश कमेटी द्वारा आधिकारिक रूप से इन नामों की घोषणा की जाएगी।





