Silver Screen: वैधव्य की सफेदी पर फ़िल्मी रंग के छींटे

956
औरत के जीवन में कई पड़ाव आते और जाते हैं। कुछ उन्हें जीवन के सपनों की मंजिल की और ले जाते हैं, कुछ उनकी जिंदगी में ठहराव बनते हैं। वैधव्य ऐसा ही पड़ाव है, जहां आकर औरत की जिंदगी ठहर सी जाती है। ये वो मुकाम है, जहां औरत के जीवन से सम्मान का ख़त्म हो जाता है। इसके बाद उसे अपमान, अवमानना और अन्याय सहते हुए जीवन जीने को बाध्य होना पड़ता है। लेकिन, समय के बदलाव के साथ औरतों के प्रति समाज का नजरिया बदला है। इसके साथ सिनेमा ने भी विधवा नारी के जीवन पर केंद्रित फ़िल्में बनाकर इस बदलाव का संकेत दिया।
Mother India
लेकिन, यह सब एक दायरे तक ही सीमित रहा! विधवा उद्धार पर फ़िल्में बनाने में फिल्मकार आज भी हिचकिचाते हैं। इसलिए कि सिनेमा की रंगीनियत में वैधव्य का सफेद रंग कहीं कमाई में बाधक न बन जाए! इस विषय को अनदेखा तो नहीं किया गया, पर इस दमदार विषय को उठाने वाली फिल्मों का अभाव तो लगता है। पलटकर देखा जाए तो ज़्यादातर फ़िल्मकार इस संवेदनशील विषय पर फ़िल्म बनाने से बचते रहे। लेकिन, ऐसे निर्माता-निर्देशक भी हैं, जिन्होंने इस मुद्दे पर अपनी आवाज़ बुलंद कर विधवाओं की ज़िंदगी पर फ़िल्म बनाने का साहसिक फैसला किया। इनमें महबूब खान राजकपूर, वी शांताराम, यश चोपडा से लगाकर शक्ति सामंत और राकेश रोशन जैसे बड़े फिल्मकार शामिल है।
 Deewar
    देखा गया है कि फिल्मों मे विधवाओं को महज फिलर की तरह उपयोग में लाया जाता रहा। दिखाया यह जाता कि हीरो की मां विधवा है, जो सिलाई-कढ़ाई करके अपने बेटे का लालन-पालन करती थी। बाद में ये बच्चा या तो ‘त्रिशूल’ के अमिताभ की तरह अच्छा निकलता है या ‘दीवार’ के अमिताभ की तरह बिगड़ जाता है। ऐसी फिल्मों की गिनती नहीं, जिनमें विधवा महिला की भूमिका बहुत सीमित रही!
सबसे पहले महबूब खान ने इस विषय को कुरेदा और विधवा महिला के संघर्ष को लेकर 1940 में फिल्म ‘औरत’ बनाई! बाद में 1957 में उसका रंगीन संस्करण ‘मदर इंडिया’ के रूप में बनाकर एक विधवा की व्यथा-कथा को बेहद मार्मिक तरीके से पेश किया गया। नरगिस ने इसमें विधवा का सशक्त रोल निभाया था। दिखाया गया था कि पति की मौत के बाद अकेली औरत कैसे अपने बच्चों को पालती और खुद को ज़माने की गंदी नजरों से भी बचाती है। फिल्म के अंत में नरगिस अपने बिगड़े बेटे को ही गोली मार देती है।
 Kati Patang 1
    शक्ति सामंत को थ्रिलर बनाने में माहिर माना जाता था। उन्होंने भी विधवा प्रेम और विवाह को लेकर कई सफल फिल्में बनाई। इसकी शुरुआत गुलशन नंदा के उपन्यास पर बनी फिल्म ‘कटी पतंग’ से की, जिसमें आशा पारेख ने विधवा की भूमिका निभाई थी। ‘कटी पतंग’ की कहानी विधवा विवाह पर केंद्रित थी, पर उसमें कई पेंच थे। इस कहानी पर हॉलीवुड में पहले ‘नो मैन ऑफ हर ओन’ के नाम से फिल्म बन चुकी थी।
ये फिल्म भी एक उपन्यास पर आधारित है जिसका नाम था ‘आई मैरीड ए डेड मैन’ जिसके लेखक कॉर्नेल वूलरिच हैं। बाद में ‘कटी पतंग’ के तमिल में ‘नेनिजिल ओरू मूल’ और तेलुगू में ‘पुन्नामी चंद्रडुडु’ के नाम से रीमेक भी बने। इससे पहले उन्होंने शर्मिला टैगोर को ‘आराधना’ में विधवा के रूप में दिखाया था। शक्ति सामंत की तरह ही राकेश रोशन भी कमर्शियल फिल्में बनाने के लिए मशहूर रहे हैं। उनकी दो फिल्मों ‘खून भरी मांग’ और ‘करण अर्जुन’ में उन्होंने विधवाओं के संघर्ष को मनोरंजक अंदाज में पेश किया था।
Sholay
    ऐसी फिल्मों में एक 1975 में आई ‘शोले’ भी थी। इसमें जया बच्चन ने विधवा राधा का किरदार निभाया था। खलनायक गब्बर सिंह ठाकुर के पूरे परिवार को खत्म कर देता है, उसमें राधा का पति भी होता है। जया भादुड़ी ने शांत और सुशील विधवा बहू के किरदार को बेहद संजीदगी से निभाया और अमिताभ ने फिल्म में जय का किरदार निभाया था। राधा और जय में नजदीकी बढ़ती ही है, कि जय की मौत हो जाती है! मौत के बाद जया का खिड़की बंद करने का दृश्य बेहद मार्मिक था। राज कपूर बैनर की ‘प्रेम रोग’ इस विषय पर केंद्रित बेहतरीन फिल्म थी।
Prem Rog
इसमें ऋषि कपूर (देवधर) ने गरीब अनाथ का किरदार निभाया, जिसकी बचपन से पद्मिनी कोल्हापुरी (मनोरमा) से दोस्ती थी। लेकिन, मनोरमा की शादी अमीर लड़के से करवा दी जाती है। वक्त की मार पड़ती है और उसके पति का निधन हो जाता है। विधवा मनोरमा का जेठ ही उसकी इज्जत लूट लेता है। ससुराल में इतना बड़ा जख्म मिलने के बाद वो पिता के घर लौट आती है। यहां फिर उसकी मुलाकात देवधर से होती है, वो उसे नई जिंदगी देने की कोशिश करता है। इस फिल्म के गाने भी लोकप्रिय हुए थे। निरूपा राय को की ‘दीवार’ (1975) और वहीदा रहमान की ‘त्रिशूल’ (1978) को भुलाया नहीं जा सकता!
स्मिता पाटिल की फिल्म ‘वारिस’ को भी इस विषय पर बनी अच्छी फिल्म माना जाता है। 1966 में मीना कुमारी और धर्मेंद्र की फिल्म ‘फूल और पत्थर’ की नायिका विधवा होते हुए एक अपराधी से प्रेम करती है। मीना कुमारी ने इसके बाद ‘दुश्मन’ और ‘मेरे अपने’ में भी विधवा महिला की सशक्त भूमिका निभाई, पर ये फिल्म का मुख्य कथानक नहीं था। कल्पना लाजमी ने अपनी ‘रूदाली’ में राजस्थान की उन विधवाओं की व्यथा कही, जो अपने जीवन-यापन के लिए दुख के अवसरों पर जाकर रोने का काम करती है।
   1997 में आई फिल्म ‘मृत्युदंड’ में माधुरी दीक्षित ने दृढ विश्वासी महिला की भूमिका निभाई थी। वो ऐसी महिला की भूमिका में थी, जो अपने साथ दूसरी औरतों के अधिकारों के लिए लड़ती है। बाद में पति की मौत का बदला भी लेती है। रानी मुखर्जी की फिल्म ‘बाबुल’ में भी पति की मौत के बाद के हालात थे। ससुर दोबारा उसकी शादी पसंद के लड़के से करवा देते हैं। 2005 में आई ‘वाटर’ थोड़ी अलग तरह की फिल्म थी।
Mere APne
फिल्म में लीजा रे, सीमा विश्वास और सरला करियावासम थीं। इसका कथानक विधवा आश्रम के आसपास घूमता है। 2019 में आई ‘द लास्ट कलर’ में भी एक विधवा महिला (नीना गुप्ता) का संघर्ष दिखाया गया था। ओटीटी पर आई फिल्म ‘पगलैट’ में सान्या मल्होत्रा ने भी विधवा की भूमिका निभाई थी, जो शादी के कुछ दिन बाद ही विधवा हो जाती है। उसका पति से कोई जुड़ाव नहीं हो पाता। पति के निधन के बाद वो उसकी तस्वीर पर आने वाले कमेंट और लाइक गिनने में ही बिजी होती है।
   शम्मी कपूर की पत्नी गीता बाली को भी यह विषय बहुत पसंद था। वे धर्मेन्द्र को लेकर राजेन्द्र सिंह बेदी के उपन्यास ‘एक चादर मैली सी’ पर फिल्म बना रही थी, जो करीब पूरी हो चुकी थी। लेकिन, उनकी मौत के बाद यह फिल्म प्रदर्शित नहीं हो सकी। पत्नी की मौत से शम्मी कपूर इतने दुखी हुए कि उन्होंने अपने हाथ से फिल्म की निगेटिव को जला दी थी। बाद में इस विषय पर हेमा मालिनी और ऋषि कपूर की फिल्म ‘एक चादर मैली सी’ भी आई, जो ज्यादा सफलता हासिल नहीं कर सकी। राजेन्द्र सिंह बेदी की इसी कहानी पर धर्मेंद्र और वहीदा रहमान की ‘फागुन’ भी आई थी! लेकिन, ये भी दर्शकों पर अपनी छाप छोड़ने में नाकामयाब रही।
Author profile
images 2024 06 21T213502.6122
हेमंत पाल

चार दशक से हिंदी पत्रकारिता से जुड़े हेमंत पाल ने देश के सभी प्रतिष्ठित अख़बारों और पत्रिकाओं में कई विषयों पर अपनी लेखनी चलाई। लेकिन, राजनीति और फिल्म पर लेखन उनके प्रिय विषय हैं। दो दशक से ज्यादा समय तक 'नईदुनिया' में पत्रकारिता की, लम्बे समय तक 'चुनाव डेस्क' के प्रभारी रहे। वे 'जनसत्ता' (मुंबई) में भी रहे और सभी संस्करणों के लिए फिल्म/टीवी पेज के प्रभारी के रूप में काम किया। फ़िलहाल 'सुबह सवेरे' इंदौर संस्करण के स्थानीय संपादक हैं।

संपर्क : 9755499919
[email protected]