BMC : रंगपंचमी पर भी नहीं मिला वेतन, आनलाइन फेस अटेंडेंस प्रणाली बन रही सिरदर्द

52

BMC : रंगपंचमी पर भी नहीं मिला वेतन, आनलाइन फेस अटेंडेंस प्रणाली बन रही सिरदर्द

भोपाल। नगर निगम के कर्मचारियों को इस माह भी रंगपंचमी तक तनखा नहीं मिलने के कारण उनमें रोष है। इस बार फिर तनखा में हुई देरी की वजह आनलाइन फेस अटेंडेंस प्रणाली कई कर्मचारियों के लिए मुसीबत बन गई है। नई व्यवस्था के चलते हजारों कर्मचारी अपनी ड्यूटी की उपस्थिति दर्ज नहीं करा पा रहे हैं, क्योंकि निगम के ज्यादातर वार्ड कार्यालयों और शाखाओं की मैपिंग अब तक पूरी नहीं हो पाई है।

निगम में कई कर्मचारी जीपीएस मैपिंग न होने की वजह से मोबाइल ऐप से उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। अब उन्हें अपने कार्यालय से कई किलोमीटर दूर जोन कार्यालय जाकर उपस्थिति दर्ज करनी पड़ रही है।

फेस ऐप सिर्फ 30 मीटर के दायरे में काम करता है।

नई व्यवस्था में मोबाइल ऐप और फेस आरडी तकनीक का उपयोग हो रहा है, जो केवल मैप किए गए कार्यालयों के 30 मीटर के दायरे में ही काम करता है। चूंकि अधिकतर कार्यालयों का जीपीएस मैपिंग अभी तक नहीं हुआ, इसलिए ऐप कार्य नहीं कर पा रहा है। कायदे से निगम के सफाई कर्मचारियों को अपने अपने एरिया में दो बार सफाई करनी चाहिए लेकिन पुराने शहर में एक ही बार सफाई हो रही है। जो कर्मचारी सुबह एक वार्ड में सफाई करता है उसको शाम को दूसरी जगह लगा दिया जाता है। यह सब काम पर कम आने वाले कर्मचारियों के कारण हो रहा है।

*बड़ा सवाल : शिफ्टिंग से भी दिक्कत*

कर्मचारियों की दिक्कतों को देखते हुए नगर निगम जल्द ही 150 नई फेस अटेंडेंस मशीनें लगाने की तैयारी में है। ये मशीनें मुख्यालय, जोन और वार्ड कार्यालयों में लगाई जाएंगी ताकि जिन कर्मचारियों के मोबाइल में ऐप काम नहीं करता, वे आसानी से उपस्थिति दर्ज कर सकें। अब नये मुख्यालय भवन में विभागों की शिफ्टिंग के चलते यह काम भी अधर में लटक गया है क्योंकि जब तक विभाग नहीं पहुंच पाते मशीनें कैसे लगेंगी यह भी एक बड़ी दिक्कत है।