
शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बनेगी समग्र स्वास्थ्य योजना, ACS अशोक बर्णवाल को दी जिम्मेदारी
भोपाल: मध्यप्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अब राज्य सरकार समग्र स्वास्थ्य योजना तैयार करेगी। इस योजना को तैयार करने की जिम्मेदारी अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकि त्सा शिक्षा अशोक बर्णवाल को दी गई है।
एसीएस अशोक बर्णवाल को इस काम में मदद के लिए तीन और अधिकारियों की टीम दी गई है। इसमें अपर मुख्य सचिव वित्त मनीष रस्तोगी, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय शुक्ला और आयुक्त स्वास्थ्य भी समग्र स्वाथ्य योजना बनाने में मदद करेंगे। नई नीति का एक प्रारुप तैयार किया जाएगा इसके बाद इसकी नीति निर्धारण के लिए सभी कर्मचारियों और पेंशनर्स संगठनों से परामर्श प्राप्त किया जाएगा। इसमें मिले सुझावों के आधार पर नई समग्र स्वास्थ्य योजना तैयार की जाएगी। इस योजना को अनुमोदन के लिए कैबिनेट में भेजा जाएगा।
नई समग्र स्वास्थ्य योजना में कौन लोग पात्र होंगे। उन्हें बीमारियों में कितना कवरेज दिया जाएगा। इसका वित्तीय मॉडल क्या होगा। इसका क्रियान्वयन किस तरह किया जाएगा। हितधारकों के परामर्श को भी इसमें समाजित कर विस्तृत योजना का दस्तावेज तैयार किया जाएगा। पूरी योजना का खाका तैयार हो जाने के बाद इसे कैबिनेट में मंत्रियों के समक्ष अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू किया जाएगा।
अभी वर्तमान में शासकीय कर्मचारियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आने वाले खर्च का सरकार उन्हें बिल लगाने पर रिएंबर्समेंट करती है। वहीं बुजुर्ग पेंशनरों को आयुष्मान योजना से जोड़ा गया है। अब जो योजना तैयार होगी वह एक समान शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को ध्यान में रखते हुए बनाई जाएगी। इसमें आयुष्मान योजना को भी जोड़ा जाएगा और राज्य के बजट से भी राशि खर्च की जाएगी।





