
सिंहस्थ से पहले पुलिस के खाली पदों को भरने का तेज हुआ काम,PHQ ने 7500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव भेजा शासन को
भोपाल: सिंहस्थ से पहले पुलिस बल में रिक्त पदों को भरने की ओर पुलिस मुख्यालय ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसके चलते वर्ष 2026 में साढ़े सात हजार पुलिस आरक्षकों की भर्ती किए जाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।
इस प्रस्ताव के मंजूर होते ही भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रदेश में सिंहस्थ का आयोजन शुरू होने से पहले पुलिस के रिक्त पदों को भरा जाना है। प्रदेश पुलिस में लगभग 22500 आरक्षकों के पद रिक्त हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पिछले साल निर्देश दिए थे कि सिंहस्थ से पहले पुलिस बल में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रह सके। इसी दिशा में पुलिस मुख्यालय ने नई भर्ती की योजना तैयार कर सरकार को भेजी है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार यदि रिक्त पदों की संख्या को देखते हुए भर्ती की गति बढ़ानी है तो या तो एक साल में भर्ती बैचों की संख्या बढ़ानी होगी या फिर हर बैच में पदों की संख्या अधिक करनी होगी।
सामान्य तौर पर पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के बाद करीब नौ महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके बाद ही उन्हें फील्ड में तैनाती मिलती है। ऐसे में विभाग की कोशिश है कि भर्ती प्रक्रिया समय रहते पूरी कर ली जाए ताकि प्रशिक्षित जवान सिंहस्थ से पहले उपलब्ध हो सकें।
सिंहस्थ अप्रैल 2028 में आयोजित होना है। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय का लक्ष्य है कि भर्ती प्रक्रिया अगस्त 2027 तक पूरी कर ली जाए और अप्रैल 2028 से पहले सभी चयनित आरक्षकों का प्रशिक्षण भी पूरा हो जाए। हालांकि इसके लिए पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की क्षमता भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। वर्तमान में राज्य के पुलिस प्रशिक्षण स्कूलों में लगभग 8 हजार प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता है।
इस बीच पुलिस भर्ती-2025 की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी हो चुकी है और अब अंतिम परिणाम का इंतजार है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि नई भर्ती के साथ-साथ हर साल होने वाली सेवानिवृत्तियों की भरपाई भी जरूरी है। अनुमान है कि हर वर्ष करीब 4 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो जाते हैं, जिससे बल में लगातार रिक्तियां पैदा होती रहती हैं। इधर पुलिस भर्ती के लिए बोर्ड का गठन की प्रक्रिया भी अभी अधर में है। यह प्रस्ताव अभी पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग के बीच विचाराधीन है। जब तक बोर्ड का गठन नहीं हो जाता, तब तक संभावना है कि कर्मचारी चयन मंडल ही पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 आयोजित करे।





