
MP में बंधुआ मजदूरों की समस्या का समाधान करने स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम
भोपाल: मध्यप्रदेश में बंधुआ मजदूरों की समस्या वाले जिलों में इस समस्या का समाधान करने के उपाय तय करने और उपचारों पर विचार करने राज्य सरकार ने स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम का गठन किया है। श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव को इस टीम का अध्यक्ष बनाया गया है।
छोटेलाल आदिवासी विरुद्ध मध्यप्रदेश सरकार एवं अन्य में पारित अंतरित आदेश और एक अन्य अंतरिम आदेश के अनुपालन में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ के क्षेत्राधिकार में आने वाले ऐसे जिले जिनमें बंधुआ मजदूरों की संस्या हो वहां बंधुआ मजदूरों से जुड़े मामलों के संबंध में समाधानकारक उपायों, उपचारों पर विचारण करने के लिए यह स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम गठित की गई है।
इस टीम में राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर के क्षेत्राधिकार में आने वाले जिलों से संबद्ध रेंज जोन से संबंधित डीआईजी, आयुक्त श्रम, उपायुक्त श्रम, उपायुक्त्, उप संचालक सामाजिक न्याय, ग्वालियर उच्च न्यायालय खंडपीठ के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले जिले के कलेक्टर शामिल होंगे। यह समिति क्षेत्र में बंधुआ मजदूरों से जुड़ी समस्या को चिन्हित करेगी। उसे दूर करने के उपायों पर विचार करेगी और इन उपायों के क्रियान्वयन कराने की प्रक्रिया पूरी करवाएंगी। दोषियों पर कार्यवाही के लिए भी यह समिति श्रम विभाग को निर्देश जारी कर सकेगी।





