
सनसनी: खरगोन में फायरिंग का वीडियो वायरल, 10 करोड़ की फिरौती की धमकी
खरगोन: खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में ऑर्गेनिक कॉटन व्यवसायी दिलीप राठौड़ के घर हुई फायरिंग की घटना का वीडियो सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। घटना से क्षेत्र के नागरिको समेत पुलिस भी सकते में है, और आला अधिकारी ज्यादा कुछ कहने से बच रहे हैं।
घटना 16 मार्च की शाम करीब 7:26 बजे की बताई जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि चित्तौड़गढ़-भुसावल राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाइक आकर रुकती है, जिस पर दो नकाबपोश युवक सवार थे। करीब एक मिनट रुकने के बाद बदमाशों ने चलती बाइक से राठौड़ के घर की ओर फायरिंग की और कुछ दूरी पर जाकर दूसरा फायर किया। पूरा घटनाक्रम करीब दो मिनट में अंजाम दिया गया।

मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपितों ने फायरिंग का वीडियो बनाकर खुद दिलीप राठौड़ और उनके बेटे सत्येंद्र राठौड़ के मोबाइल पर भी भेजा। सत्येंद्र द्वारा कसरावद थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया गया है कि उन्हें इंटरनेट मीडिया के जरिए कॉल और वॉइस नोट भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपितों ने 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और घर को बम से उड़ाने की धमकी भी दी।
सत्येंद्र के अनुसार, 17 मार्च को उनके पिता के मोबाइल पर कॉल कर आरोपियों ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। इसके बाद भेजे गए वीडियो और वॉइस नोट को देखने पर जब उन्होंने घर के सीसीटीवी फुटेज जांचे, तो उसमें वही घटनाक्रम दिखाई दिया। मजदूर शंकर ने भी घटना की पुष्टि की है। यह वीडियो दिलीप राठौर के घर के सीसीटीवी कैमरे के मेन गेट का है। आरोपियों द्वारा शूट किए गए और दिलीप व सत्येंद्र को भेजें गए वीडियो फिलहाल नहीं मिल पाए हैं।

घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर Hary Boxer नामक हैंडल से वायरल एक पोस्ट में हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई नाम के लोगों ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में दिलीप राठौड़ पर किसानों का शोषण करने और फर्जी आईडी से ठगी करने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही इसे चेतावनी बताते हुए आगे जानलेवा हमले की धमकी दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कसरावद थाने में प्रकरण दर्ज कर राठौड़ के घर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्य भी शामिल हैं। अभी पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या वाकई में यह काम लॉरेंस बिश्नोई के ग्रुप से जुड़े हैरी बॉक्सर का है या नहीं।
जहां पुलिस अधीक्षक घटना की पुष्टि कर रहे हैं। वहीं एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने अभी फिलहाल मामला जांच में होने का बयान देते हुए कहा कि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।





