
अधिकारी की आत्महत्या के बाद पंजाब के मंत्री का इस्तीफा लिया गया
चंडीगढ़: पंजाब के तरनतारन जिले की पट्टी सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक और कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा ले लिया गया है. यह फैसला उस समय लिया गया जब अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या का मामला सामने आया.
बताया गया कि उन्होंने जहर खाकर अपनी जान दे दी. मरने से पहले उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने मंत्री भुल्लर पर गंभीर आरोप लगाए. इस वीडियो के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भुल्लर से इस्तीफा ले लिया. सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश भी दिए हैं.
लालजीत सिंह भुल्लर का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल के एक कार्यकर्ता के रूप में की थी. वह कई सालों तक अकाली दल के नेता आदेश प्रताप सिंह कैरों के लिए काम करते रहे. लेकिन साल 2015 में बेअदबी की घटनाओं के बाद उन्होंने अकाली दल छोड़ दिया. इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हुए, लेकिन वहां भी ज्यादा समय तक नहीं टिके. कुछ समय बाद वह फिर अकाली दल के साथ जुड़ गए, लेकिन फिर 2019 में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया. 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने उन्हें पट्टी सीट से टिकट दिया, जहां उन्होंने चार बार के विधायक आदेश प्रताप सिंह कैरों को हराकर बड़ी जीत हासिल की. इस जीत के बाद उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया.





