
मांगलिक भवनों का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करें : उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर / जिले के मल्हारगढ़ जनपद पंचायत परिसर में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा द्वारा बुधवार को 11 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया ।
इस अवसर पर ग्राम ढिकन्या में 37 लाख 50 हजार रुपए की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया, वहीं 10 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 42 मांगलिक भवनों का भूमिपूजन किया गया। ये सभी भवन मल्हारगढ़ जनपद की 42 अलग-अलग ग्राम पंचायतों में निर्मित होंगे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य एवं जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेश दीक्षित, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा कन्हैयालाल पाटीदार, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष मानसिंह मच्छोपुरिया तेजपाल सिंह धाकड़ी भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक श्री मदन लाल राठौर भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष विजयवर्गीय नारायणगढ़ के जीतू जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सरपंच, नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय राशि को अपनी राशि समझकर कार्य करें और सभी मांगलिक भवन निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि जनता ने सेवा का अवसर दिया है, जिसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 42 मांगलिक भवनों के अतिरिक्त 60 और भवन स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा मल्हारगढ़ एवं पिपलिया मंडी में फ्लाईओवर निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होंगे।
उन्होंने बताया कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर परियोजना का पानी हर खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य है, जिससे सिंचाई सुविधा में विस्तार होगा। साथ ही नारायणगढ़ एवं बूढ़ा में सांदीपनी विद्यालय तथा मल्हारगढ़ में बालिकाओं के लिए छात्रावास का निर्माण भी प्रस्तावित है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ विजय पाटीदार ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह दिन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।





