Khargone News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम फायरिंग और 10 करोड़ रु की मांग करने के मामले में 9 और गिरफ्तार

186

Khargone News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम फायरिंग और 10 करोड़ रु की मांग करने के मामले में 9 और गिरफ्तार

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव स्थित बायो कॉटन व्यापारी के घर फायरिंग कर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने 9 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने दिलीप सिंह राठौड़ के घर पर फायरिंग कर उससे 10 करोड रुपए फिरौती मांगने के मामले में मुख्य षड्यंत्रकारी धार जिले के मनावर क्षेत्र के करौली निवासी सचिन पाटीदार और उज्जैन के इंगोरिया थाना क्षेत्र के लोकेंद्र पवार के अलावा रेकी करने वाले उज्जैन क्षेत्र के अमित बड़गोत्या को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में शुक्रवार को उज्जैन के नागदा मंडी थाना क्षेत्र के रत्नाखेड़ी निवासी राजपाल सिंह चंद्रावत, देवास जिले के मलखान उर्फ विजेंद्र सिसोदिया ,शाहरुख खान, कृष्ण पाल उर्फ केन्या सोलंकी, अंश उर्फ अंशु पाल, शिवा बिलगड़े, रितिक उर्फ जंजीरा पवार, रोहित मालवीय और खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के बालसमुद निवासी केस खान को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का एक अन्य आरोपी राजा खान कुछ दिनों पहले ही गिरफ्तार हुआ था, और फिलहाल देवास स्थित जेल में निरुद्ध है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हरि चन्द्र जाट उर्फ हैरी बॉक्सर, देवास जिले के जावेद खान, राहुल बाबा बिंझाना, रतलाम जिले के रवि चौहान फरार हैं जबकि कुलदीप सिंह राजपूत व उज्जैन क्षेत्र का संदीप प्रजापति को भी हिरासत में ले लिया गया है।

WhatsApp Image 2026 04 04 at 10.38.11 AM

उन्होंने बताया कि 16 मार्च को भील गांव के दिलीप सिंह राठौर के घर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से 10 करोड रुपए की फिरौती के मामले में तत्काल एक्शन लेते हुए 6 पुलिस टीम गठित की गई थी। यह टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुजरात व मप्र के नागदा और देवास क्षेत्रों में कैम्प कर रही थीं।
उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त तीन कार,दो मोटरसाइकिल, चार पिस्तौल, दस कारतूस और 10 मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं।

उन्होंने बताया कि दस हजार के इनामी राजपाल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हत्या ,दिल्ली के नरेना में अपहरण व आर्म्स एक्ट और मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के खेतिया में किडनेपिंग के मामले दर्ज हैं। उससे NIA भी पूर्व में पूछताछ कर चुकी है। उन्होंने बताया कि राजपाल मध्य प्रदेश में लॉरेन्स गैंग का प्रमुख गुर्गा है और वह बड़े गैंग मेंबरों से माध्यम से सिग्नल एप के माध्यम से टच में रहता है।

इसके अलावा राजा खान के विरुद्ध 17, जावेद खान के विरुद्ध 10, विजेंद्र उर्फ़ मलखान सिसोदिया व रितिक के विरुद्ध 5-5, कृष्ण पाल के विरुद्ध कर व अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी विभिन्न थाना क्षेत्र में मामले दर्ज है।
उन्होंने बताया कि दरअसल सचिन पाटीदार और लोकेंद्र पवार बायो कॉटन व्यवसायी दिलीप राठौड़ को पूर्व से जानते थे, तथा उनके बीच लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। लोकेंद्र पंवार ने यह बात संदीप प्रजापति को बताई थी, जिसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के राजपाल सिंह से दिलीप राठौड़ को सबक सिखाने के लिए कहा। राजपाल ने अमित को भेज कर दिलीप सिंह राठौड़ का भीलगांव स्थित घर की रेकी करवाई । इसके बाद 2 मार्च को लोकेंद्र पवार, राजपाल के द्वारा भेजे गए लड़कों को बाइक उपलब्ध करवाता है, लेकिन दिलीप राठौर के घर फायर नहीं हो पाता है।

WhatsApp Image 2026 04 04 at 10.38.11 AM 2

इसके बाद 10 मार्च को सचिन पाटीदार ने राजपाल के चार गुर्गों को दिलीप का घर दिखाया। 11 मार्च को शूटर शिवा, कृष्ण पाल और अंशु फायरिंग करने के लिए गए। इनके साथ राजा ,शाहरुख और जावेद और जावेद का भांजा केस खान बालसमुद में आकर रुक गये थे। इस दिन भी पिस्टल नहीं चलने से फायरिंग का प्रयास असफल रहा।

इसके बाद 16 मार्च को मलखान ने अपनी मोटरसाइकिल व पिस्टल देकर अंशपाल ,शिवा और रोहित को भीलगांव भेजा, जिन्होंने दिलीप राठौर के घर गोली चलाकर वीडियो बनाया और चले गए। इसके बाद मलखान ने वीडियो को लॉरेंस गैंग के राजपाल को भेजा और फिर हैरी बॉक्सर ने विदेशी नंबरों से दिलीप राठौड़ और उसके पुत्र सत्येंद्र राठौर को फायरिंग का वीडियो और धमकी के वॉइस नोट भेज कर 10 करोड रुपए की फिरौती मांगी।

उधर फरियादी दिलीप सिंह राठौड़ ने पुलिस अधीक्षक की प्रेस कांफ्रेंस के बाद वीडियो बयान जारी कर आरोप लगाया है कि इस मामले में मुख्य षड्यंत्र कर्ता के खिलाफ पुख्ता सबूत दिए जाने के बावजूद उसे आरोपी नहीं बनाया गया है । उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी । उन्होंने बताया कि इस बारे में पुलिस अधीक्षक व मध्य प्रदेश विधानसभा के स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर को लिखित शिकायत दी है। इस पर पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने कहा कि विवेचना में तथ्य पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।