
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या……1 लाख में दी थी सुपारी
धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट
धार : पुलिस ने गोंदीखेड़ा चारण में हुई हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पत्नी ने पति से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और इसे लूट का रूप देने की कोशिश की।
जांच में सामने आया कि प्रेमी कमलेश ने अपने दोस्त सुरेंद्र को हत्या के लिए 1 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की, तो पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस फरार सह-आरोपी सुरेंद्र की तलाश कर रही है।
एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि दोनों का विवाह महज 15 वर्ष की उम्र में हुआ था। बाल विवाह के बाद दोनों अलग-अलग अपने परिवार के साथ रहते थे। 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद पत्नी प्रियंका को मृतक देव कृष्ण के साथ रहने के लिए कहा गया। लेकिन प्रियंका इसके लिए राजी नहीं थी। इसी कारण उसने कमलेश के साथ मिलकर इस हत्याकांड की प्लानिंग की और सुपारी देकर सुरेंद्र के हाथों पति देव कृष्ण की हत्या करवा दी। पुलिस ने महज 36 घंटे में आरोपी प्रियंका और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, सुरेंद्र की तलाश की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रियंका और आरोपी कमलेश के बीच प्रेम प्रसंग था। इसी बात को लेकर पूर्व में भी मृतक देव कृष्ण और पत्नी प्रियंका के बीच विवाद हो रहा था। बाल विवाह के कारण भले ही सामाजिक तौर पर देव कृष्ण पति था। लेकिन प्रियंका का लगाओ कमलेश को लेकर था, यही लगाव और प्रेम हत्याकांड के रूप में सामने आया।
देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, धार के एसपी मयंक अवस्थी-





