
960 Cr Water Mission Scam: राजस्थान के फरार IAS अधिकारी सुबोध अग्रवाल दिल्ली में गिरफ्तार
Jal Jeevan Mission Scam: जल जीवन मिशन घोटाले में फरार चल रहे पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल को एसीबी की टीम ने दिल्ली में पकड़ लिया है। ACB की टीम उन्हें दिल्ली से जयपुर ले आई है। बता दें, मामला 960 करोड़ के घोटाले से जुड़ा है।
जयपुर: राजस्थान के चर्चित जल जीवन मिशन घोटाले को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी सफलता हासिल की है। काफी समय से फरार चल रहे पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को एसीबी की टीम ने गुरुवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें लेकर जयपुर पहुंच गई है। सुबोध अग्रवाल के खिलाफ इस घोटाले में पहले से ही गिरफ्तारी वारंट जारी था।
अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, 3 की तलाश जारी
एसीबी के महानिदेशक (डीजी) गोविंद गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि साल 2024 की शुरुआत से जल जीवन मिशन घोटाले की सघन जांच जारी है। इस मामले में अब तक सुबोध अग्रवाल समेत कुल 11 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है, जबकि प्रकरण में शामिल 3 अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है
फर्जी सर्टिफिकेट और 960 करोड़ का टेंडर खेल
एसीबी की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती गईं थीं। गणपति ट्यूबवेल और श्याम ट्यूबवेल जैसी फर्मों ने फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) लगाकर टेंडर हासिल किए थे। विभागीय अधिकारियों को इन फर्जीवाड़ों की जानकारी थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन्होंने मौन सहमति दी
आरोप है कि कुछ खास फर्मों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए करीब 960 करोड़ रुपये के टेंडर आवंटित कर दिए गए। इसके अलावा, नियमों के मुताबिक 50 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स का मौका निरीक्षण अनिवार्य था, जिसे अधिकारियों ने पूरी तरह नजरअंदाज कर पद का दुरुपयोग किया।
फरवरी 2024 में एक साथ हुई थी 15 ठिकानों पर छापेमारी
घोटाले की परतें खोलने के लिए एसीबी ने 17 फरवरी 2024 को एक साथ 15 स्थानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई जयपुर, बाड़मेर, जालौर, सीकर सहित दिल्ली, बिहार और झारखंड में भी हुई थी।
अब पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल को जयपुर में एसीबी मुख्यालय में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि यहां सुबोध अग्रवाल से पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल सबकी नजरें इस पर टिका हैं कि इसमें और किसका नाम सामने आता है।





