कमिश्नर बीएस जामोद ने 15 तहसीलदारों की रोकी वेतनवृद्धि.

नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण न करने पर की कार्यवाही.

38

कमिश्नर बीएस जामोद ने 15 तहसीलदारों की रोकी वेतनवृद्धि.

रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने संभाग के विभिन्न जिलों के 15 तहसीलदारों तथा नायब तहसीलदारों की वेतनवृद्धि रोकने के आदेश दिए हैं। इन राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों में आरसीएमएस पोर्टल में निर्धारित समय सीमा में निराकरण न करने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया था। नोटिस के बावजूद लंबित प्रकरणों में समुचित कार्यवाही न करने पर 15 राजस्व अधिकारियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत आगामी वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश दिए गए हैं।

 

जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार रीवा जिले के त्योंथर के प्रभारी तहसीलदार राजेन्द्र प्रसाद शुक्ला की एक तथा नायब तहसीलदार हुजूर तहसील तेजपति सिंह की एक वेतनवृद्धि रोकी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार सतना जिले के रघुराजनगर के प्रभारी तहसीलदार सौरभ मिश्रा की दो, प्रभारी तहसीलदार बिरसिंहपुर डॉ. शैलेन्द्र बिहारी शर्मा की एक एवं मऊगंज जिले के प्रभारी तहसीलदार मऊगंज वीरेन्द्र कुमार पटेल की दो वेतनवृद्धियाँ रोकी गई हैं। सीधी जिले के प्रभारी तहसीलदार सिहावल जयप्रकाश पाण्डेय, प्रभारी तहसीलदार बहरी इंद्रभान सिंह, प्रभारी तहसीलदार गोपद बनास राकेश शुक्ला, प्रभारी तहसीलदार कुसमी नारायण सिंह तथा प्रभारी तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष कुमार मिश्रा की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी गई है। सिंगरौली जिले में प्रभारी तहसीलदार सिंगरौली प्रीति सिकरवार, प्रभारी तहसीलदार चितरंगी नागेश्वर प्रसाद पनिका तथा प्रभारी तहसीलदार माड़ा जान्हवी शुक्ला की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी गई है। कमिश्नर ने मैहर जिले के प्रभारी तहसीलदार मैहर जितेन्द्र पटेल एवं प्रभारी तहसीलदार अमरपाटन रामदेव साकेत की भी एक-एक वेतनवृद्धि रोकी है। कमिश्नर ने कहा है कि सभी राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों का तय समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। निर्देशों का पालन न होने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav

#JansamparkMP #रीवा #Rewa