
आईपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी: नेपाल और देश के कई राज्यों में नेटवर्क, 18 गिरफ्तार
रायपुर: छत्तीसगढ़ की बलौदा बाजार पुलिस ने सात समंदर पार नहीं, बल्कि सात राज्यों की सरहद लांघकर एक ऐसे सट्टा गिरोह को दबोचा है जो बेहद शातिर तरीके से संचालित हो रहा था।
आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी का यह काला खेल हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से चल रहा था। पुलिस ने वहां किराए के मकान में छापेमारी कर 16 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दें कि यह कोई मामूली गिरोह नहीं है। पुलिस जांच में जो बात सामने आई है वह चौंकाने वाली है। आरोपी अत्याधुनिक तकनीक और थर्ड पार्टी ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे थे। इनका नेटवर्क छत्तीसगढ़ से शुरू होकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और यहां तक कि नेपाल तक फैला हुआ था। ये सट्टेबाज रियल-टाइम में ग्राहकों को जोड़कर करोड़ों का दांव लगवा रहे थे।
दबिश के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से जो सामान मिला है, उससे इस रैकेट की व्यापकता का पता चलता है। पुलिस ने मौके से 7 लैपटॉप और 2 आईपैड जब्त किए। 48 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। 30 से ज्यादा बैंक अकाउंट्स का खुलासा हुआ है। कुल 50 लाख रुपये से अधिक की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।
गौरतलब है कि यह गिरोह किसी कंपनी की तरह काम कर रहा था। सूत्रों ने बताया कि गिरोह में काम का बंटवारा किया गया था। कोई सिर्फ बैंक ट्रांजैक्शन देख रहा था, तो कोई नए ग्राहकों को जोड़ने का काम संभाल रहा था। तकनीकी हिस्सा संभालने के लिए अलग से एक्सपर्ट रखे गए थे, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
पूरी कार्रवाई की कमान खुद पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने संभाल रखी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी भाटापारा के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई है। सभी 16 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो पर्दे के पीछे से करोड़ों का लेन-देन मैनेज कर रहा था।





