तूल पकड़ता जा रहा वंदे मातरम विवाद, FIR दर्ज करने की तैयारी

जानिए इस मामले में इंदौर जिले की महिला विधायकों ने क्या कहा

120

तूल पकड़ता जा रहा वंदे मातरम विवाद, FIR दर्ज करने की तैयारी

इंदौर: नगर निगम सम्मेलन में वंदे मातरम् को लेकर उपजा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है।मामले में पुलिस ने FIR दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।

कांग्रेस की दो महिला पार्षदों द्वारा राष्ट्रगीत न गाए जाने पर पूर्व मंत्री व महू विधायक उषा ठाकुर ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि केवल माफी मांगने से बात नहीं बनेगी, दोनों पार्षद पहले वंदे मातरम् कंठस्थ करें और फिर राजवाड़ा पर सार्वजनिक रूप से गाकर दिखाएं, तब ही इंदौर की जनता उन्हें माफ करेगी।

उषा ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कथनी और करनी में अंतर दूर करना होगा। यदि उनकी रग-रग में वंदे मातरम् प्रवाहित होता है, तो वे संबंधित पार्षदों से सार्वजनिक रूप से राष्ट्रगीत गवाएं। उन्होंने इस मामले में प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग करते हुए इसे राष्ट्रगीत का अपमान बताया।

इधर, विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि जो लोग वंदे मातरम् का विरोध करते हैं, उनसे भाजपा वोट मांगने नहीं जाती। उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सम्मान करना कर्तव्य है और इस विषय पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

वहीं, मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। एमजी रोड थाने में शिकायत आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस ने सभापति मुन्नालाल यादव सहित अन्य भाजपा पार्षदों के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही सदन की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली गई है, जिसके आधार पर एक-दो दिन में प्रकरण दर्ज किया जा सकता है। आरोपित पार्षदों के बयान भी लिए जाएंगे।